Kesar Kulfi: घर पर कैसे बनाएं केसर कुल्फी.
Kesar Kulfi Recipe In Hindi: बच्चे हो या बड़े गर्मियों के मौसम में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाना भला कौन पसंद नहीं करता है. लेकिन जो मजा देसी मलाई कुल्फी में है, वो किसी और चीज में कहां. ठेले या बाजार में मिलने वाली वो गाढ़ी, दानेदार और मलाईदार केसर कुल्फी देखकर ही मुंह में पानी आ जाता है. अगर आप भी मार्केट की जगह घर पर इसे बनाना चाहते हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको एक ऐसी ही आसान विधि बता रहे हैं. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
घर पर कैसे बनाएं केसर कुल्फी-(How To Make Kesar Kulfi)
सामग्री-
- फुल क्रीम दूध
- चीनी
- केसर के धागे
- इलायची पाउडर
- बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स
- मलाई या मावा

विधि-
- कुल्फी बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई लें. भारी बर्तन लेने से दूध नीचे चिपकेगा नहीं.
- अब इसमें फुल क्रीम दूध डालें और तेज आंच पर उबाल आने दें.
- जब दूध में उबाल आ जाए, तो गैस की आंच को धीमा कर दें. अब दूध को तब तक पकाना है, जब तक कि वह घटकर अपनी मात्रा का आधा या एक-तिहाई न रह जाए.
- बीच-बीच में चमचे से दूध को चलाते रहें और कढ़ाई के किनारों पर जमने वाली मलाई को खुरचकर वापस दूध में मिलाते जाएं. इसी मलाई से कुल्फी दानेदार बनेगी.
- जब दूध गाढ़ा होने लगे, तब इसमें गुनगुने दूध में भीगा हुआ केसर डाल दें. केसर डालते ही दूध का रंग हल्का पीला और खुशबूदार हो जाएगा.
- इसके बाद इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.
- चीनी घुलने के बाद दूध को 5 मिनट और पकाएं.
- अब इस गाढ़े दूध में कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डाल दें. अगर आपके पास घर की ताजी मलाई है, तो इस स्टेज पर 2 चम्मच मलाई डालकर अच्छे से फेंट लें.
- इसी से कुल्फी का टेक्सचर बिल्कुल बाजार जैसा सॉफ्ट और क्रीमी आएगा.
- अब गैस बंद कर दें और इस मिक्चर को पूरी तरह ठंडा होने दें.
- जब मिक्सचर एकदम ठंडा हो जाए, तो इसे कुल्फी मोल्ड या फिर छोटे स्टील के गिलासों में डाल दें.
- ऊपर से फॉयल पेपर से ढक दें ताकि उसमें बर्फ के क्रिस्टल्स न जमें. अब बीच में एक छोटी सी डंडी लगा दें.
- अब इन मोल्ड्स को कम से कम 5 से 7 घंटे या पूरी रात के लिए फ्रीजर में जमने के लिए रख दें.
- अगले दिन फ्रीजर से कुल्फी निकालें. सांचे को कुछ सेकंड के लिए नॉर्मल पानी में डुबोएं, इससे कुल्फी आसानी से बाहर निकल आएगी. ऊपर से थोड़े और पिस्ता और केसर डालकर ठंडी-ठंडी मलाईदार कुल्फी सर्व करें.
ये भी पढ़ें- बिना गैस जलाए बनाएं ये 4 रेसिपीज, नौतपा में भी रखेंगे एकदम फ्रेश और कूल-कूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं