सुबह के नाश्ते में अक्सर लोग ऐसी रेसिपी की तलाश में रहते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी हो और बनाने में ज्यादा समय न लगे. अगर आप भी रोज-रोज पराठे, ब्रेड या पोहा खाकर बोर हो चुके हैं, तो ये स्पेशल इंस्टेंट ब्रेकफास्ट आपके लिए परफेक्ट है. इस रेसिपी में न मैदा का ज्यादा इस्तेमाल होता है, न सूजी की जरूरत पड़ती है और न ही डीप फ्राई करना पड़ता है. आलू और ताजी सब्जियों से तैयार होने वाला ये ब्रेकफास्ट कम तेल में बनकर तैयार हो जाता है. फाइबर और स्वाद से भरपूर यह डिश बच्चों, बड़ों और फिटनेस पसंद लोगों को भी खूब पसंद आएगी. ये आसान रेसिपी यूट्यूब चैनल Shyamlis Kitchen पर साझा की गई है.
वीडियो में देखें रेसिपी...
इस तरह तैयार करें आलू से स्वादिष्ट नाश्ता
इस हेल्दी नाश्ते को बनाने के लिए सबसे पहले दो मीडियम आकार के कच्चे आलू छीलकर बारीक कद्दूकस कर लें. इसके बाद आलू को दो से तीन बार पानी से धोकर उसका अतिरिक्त स्टार्च निकाल दें. फिर हाथों से दबाकर सारा पानी निकाल लें.
अब इसमें कद्दूकस की हुई गाजर, बारीक कटी शिमला मिर्च, टमाटर और प्याज डालें. सबसे पहले नमक मिलाएं ताकि सब्जियों का अतिरिक्त पानी निकल सके और मिश्रण अच्छी तरह तैयार हो जाए.
इसके बाद नाश्ते को चटपटा और स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें कद्दूकस किया हुआ लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. मसालों में केवल चौथाई चम्मच काली मिर्च पाउडर, थोड़ा चाट मसाला और एक चुटकी गरम मसाला मिलाएं. ज्यादा मसालों की जरूरत नहीं पड़ती क्योंकि चाट मसाला ही बेहतरीन स्वाद दे देता है.
अब मिश्रण में तीन बड़े चम्मच बेसन और तीन बड़े चम्मच चावल का आटा डालें. दोनों चीजें नाश्ते को अच्छी बाइंडिंग देने के साथ-साथ क्रिस्पी भी बनाती हैं. सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मैश करते हुए मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें.
एक तवा गर्म करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं. तैयार मिश्रण को चम्मच की मदद से तवे पर डालकर पतला फैलाएं. किनारों पर थोड़ा तेल लगाकर धीमी आंच पर दो मिनट तक ढककर पकाएं. जब ऊपर की सतह सूखने लगे तो इसे पलट दें और दूसरी तरफ से भी सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें. यही प्रक्रिया बाकी मिश्रण के साथ दोहराएं.
लीजिए तैयार है क्रिस्पी नाश्ता
कुछ ही मिनटों में आपका कुरकुरा और स्वादिष्ट नाश्ता तैयार हो जाएगा. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम यह डिश टमाटर केचप, हरी चटनी या गर्म चाय के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. खास बात यह है कि इसमें भरपूर सब्जियां होने के कारण यह फाइबर से भरपूर और पेट भरने वाला नाश्ता बन जाता है.
ये भी पढ़ें - घर पर बनाएं शादी-पार्टी में बनने वाला काली गाजर का शाही हलवा, स्वाद चखते ही करेंगे तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं