विज्ञापन

गर्मियों में नहीं है भारी खाना खाने का मन, सिर्फ 10 मिनट में बनाएं बीटरूट कर्ड राइस, स्वाद के साथ मिलेगा पोषण भी

क्या आप भी गर्मियों में वजन को घटाने और पेट को ठंडक पहुंचाने वाली रेसिपी की तलाश कर रहे हैं, तो एक बार जरूर बनाएं कच्चे आम के ट्विस्ट के साथ बीटरूट कर्ड राइस.

गर्मियों में नहीं है भारी खाना खाने का मन, सिर्फ 10 मिनट में बनाएं बीटरूट कर्ड राइस, स्वाद के साथ मिलेगा पोषण भी
Beetroot Curd Rice: बीटरूट कर्ड राइस कैसे बनाएं. ((Credit: Screengrab from Instagram video)thehealthyrasoi

गर्मियों का मौसम आते ही किचन में कुछ ऐसा बनाने का मन करता है जो पेट को ठंडक दे, झटपट बन जाए और खाने में भी लाजवाब हो. अगर आप भी इस चिलचिलाती गर्मी में कुछ कूल और हेल्दी ढूंढ रहे हैं, तो इंस्टाग्राम पर thehealthyrasoi द्वारा शेयर रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. इसमें बीटरूट कर्ड राइस (Beetroot Curd Rice) की रेसिपी बताई गई है. अचार, तली हुई मिर्च और कुरकुरे पापड़ या अप्पलम के साथ परोसा जाने वाला यह साउथ इंडियन फ्यूजन फूड आपको जरूर पसंद आएगा. तो चलिए जानते हैं क्या खास है इस रेसिपी में और कैसे बनाएं.

क्यों है यह समर परफेक्ट डिश?

यह डिश जितनी देखने में खूबसूरत (पिंक कलर की) लगती है, सेहत के लिए इसके फायदे उतने ही लाजवाब हैं. यह पूरी तरह से ग्लूटेन-फ्री (Gluten-free) है, इसलिए पेट के लिए बहुत हल्की है. इसमें भरपूर मात्रा में दही का इस्तेमाल होता है, जो पेट को प्रोबायोटिक्स (Probiotics) देता है. प्रोबायोटिक्स हमारे डाइजेशन यानी पाचन तंत्र को दुरुस्त रखते हैं.

इसके अलावा, इसमें बीटरूट, गाजर और खीरे जैसी सब्जियां डाली जाती हैं, जो बॉडी को फाइबर और जरूरी विटामिंस देती हैं. गर्मियों के दिनों में जब कुछ भारी खाने का मन न हो, तो यह लाइट डिनर, हेल्दी लंच या फिर बच्चों के टिफिन बॉक्स के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है.

कैसे बनाएं बीटरूट कर्ड राइस- (How To Make Beetroot Curd Rice)

सामग्री-

  • पका हुआ चावल
  • गाढ़ा फटा हुआ दही
  • कद्दूकस की हुई गाजर
  • कद्दूकस किया हुआ खीरा
  • कद्दूकस किया हुआ कच्चा आम
  • उबला और कद्दूकस किया हुआ चुकंदर
  • बारीक कटा हुआ अदरक
  • हरी मिर्च
  • हरा धनिया
  • अनार के दाने
  • नमक
  • तड़के
  • घी या तेल
  • हींग
  • राई
  • जीरा
  • उड़द दाल
  • चना दाल
  • सूखी लाल मिर्च
  • काजू
  • कढ़ी पत्ता

विधि-

  1. इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में 2 कप पका हुआ चावल लें. इसे चम्मच या हाथों से हल्का सा मैश (दबा) लें. ध्यान रहे कि चावल को पूरी तरह से हलवा नहीं बनाना है, बस थोड़ा सा दबाना है ताकि दही इसमें अच्छे से मिल जाए.
  2. अब इस मैश किए हुए चावल में गाढ़ा दही, कद्दूकस की हुई गाजर, खीरा, उबला हुआ बीटरूट और बारीक कटा अदरक-हरी मिर्च डालें. इसी समय इसमें सीजन का स्पेशल इंग्रीडिएंट यानी कच्चा आम भी डाल दें. कच्चा आम इस डिश में एक फ्रेश और खट्टा-मीठा ट्विस्ट जोड़ता है, जिससे इसका स्वाद दोगुना हो जाता है. 
  3. अब इसमें नमक, हरा धनिया और अनार के दाने डालकर सब कुछ अच्छी तरह मिला लें. चुकंदर की वजह से आपके कर्ड राइस का रंग एक खूबसूरत गुलाबी (Pink) हो जाएगा.
  4. एक छोटे पैन में घी या तेल गर्म करें. तेल गर्म होते ही इसमें हींग, राई, जीरा, उड़द दाल और चना दाल डालें. दालों को हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब इसमें सूखी लाल मिर्च, काजू और कढ़ी पत्ता डालें. जब काजू हल्के ब्राउन हो जाएं और कढ़ी पत्ते की खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें.
  5. इस गरमा-गरम तड़के को तैयार कर्ड राइस के ऊपर डालें और अच्छे से मिक्स कर लें. आपका सुपर टेस्टी, कूलिंग और हेल्दी बीटरूट कर्ड राइस तैयार है. इसे फ्रिज में थोड़ी देर ठंडा करके, ऊपर से थोड़े और अनार के दाने डालकर सर्व करें.

ये भी पढ़ें-  हर साल राष्ट्रपति को तोहफे में परोसा जाता है ये खास आम, 200 साल पुराना इतिहास और अनोखी खुशबू बनाती है खास

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com