क्या है सलमान खान से जुड़ा हिट एंड रन मामला? आइए जानें

क्या है सलमान खान से जुड़ा हिट एंड रन मामला? आइए जानें

मुंबई:

बॉलीवुड स्टार सलमान खान के चर्चित हिट एंड रन मामले में बुधवार को फैसला आने वाला है, और सभी के मन में सिर्फ यही सवाल है कि 'दबंग' स्टार का भविष्य क्या होगा... लेकिन उससे पहले आइए जनते हैं, क्या है हिट एंड रन मामला, और इस मामले में कब क्या हुआ...?

क्या है पूरा मामला...?
27-28 सितंबर, 2002 की रात को बांद्रा की अमेरिकन लॉन्ड्री के सामने सलमान खान की लैंडक्रूज़र गाड़ी फुटपाथ पर चढ़ गई। बेकरी में काम करने वाले चार-पांच मज़दूर फुटपाथ पर सो रहे थे। गाड़ी तीन सीढ़ियों पर चढ़ गई। पहिये के नीचे कुचलकर एक की मौत हो गई, चार घायल हो गए। पुलिस मौके पर सुबह के तीन बजे पहुंची। मामले में सलमान खान को लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोपी बनाया गया, और सुबह गिरफ्तार किया गया और पुलिस स्टेशन से ही ज़मानत हो गई।

कौन हैं मुख्य गवाह...?
सलमान खान की सुरक्षा में सिपाही रवींद्र पाटिल तैनात था, जिसने बयान में बताया कि सलमान शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे। पाटिल ने सलमान को समझाया था कि आगे मोड़ है, लेकिन सलमान ने गौर नहीं किया। चार घायल चश्मदीद गवाह, चार और मौके पर पहुंचे लोगों की गवाही हुई। कुल 27 गवाह पेश।

सलमान, शराब और ड्राइव...?
सलमान खान उस रात रेन बार में सोहैल खान और दोस्तों के साथ गए थे। गवाहों के मुताबिक सलमान और उनके दोस्तों ने शराब, कॉकटेल और खाने का ऑर्डर दिया। उसके बाद पांच सितारा होटल में गए। चार-पांच लोगों के बीच उस रात एक व्हाइट रम की बोतल और 10 पैग कॉकटेल ऑर्डर किए गए। पुलिस के पास रेन बार का बिल।

पहले किन धाराओं के तहत मामला...?
धारा 304 (ए) - लापरवाही के चलते किसी की मौत
धारा 279 - लापरवाही से गाड़ी चलाना
धारा 337 - अपनी किसी हरकत से दूसरे को चोट पहुंचाना या जान जोखिम में डालना
धारा 338 - अपनी किसी हरकत से दूसरे को गंभीर चोट पहुंचाना या जान जोखिम में डालना

क्या-क्या सज़ा हो सकती है इन धाराओं के तहत...?
धारा 304 (ए) - अधिकतम दो साल कैद या जुर्माना या दोनों
धारा 279 - छह महीने की कैद या जुर्माना या दोनों
धारा 337 - छह महीने की कैद या जुर्माना या दोनों
धारा 338 - दो साल की कैद या जुर्माना या दोनों

केस के यू-टर्न...
सिपाही के पूरक बयान और खून की जांच रिपोर्ट के बाद सलमान खान पर नई धारा 304 (2) लगाई गई, जिसका मतलब है गैर-इरादतन हत्या। इसमें अधिकतम 10 साल की सज़ा का प्रावधान है। इसके बाद सलमान खान दोबारा गिरफ्तार हुए और जेल गए।

क्या है सरकारी पक्ष की दलील...?
1 - सलमान जानते थे कि शराब पीकर गाड़ी चलाना खतरनाक है।
2 - सुरक्षा में लगे सिपाही ने गाड़ी तेज़ चलाने पर चेतावनी दी थी।
3 - वह जानते थे कि फुटपाथ पर लोग सोते हैं, रास्ते से वाकिफ थे।
4 - वह मदद करने की जगह मौके से भाग खड़े हुए।
5 - चश्मदीदों ने सलमान खान को ड्राइवर सीट से उतरते देखा।

क्या है सलमान खान की दलील...?
1 - उस रात शराब नहीं, गिलास में पानी था।
2 - गाड़ी ड्राइवर चला रहा था।
3 - मौके से भागे नहीं, लोगों की मदद की।
4 - सलमान की तरफ से ड्राइवर को पेश किया गया।
5 - गाड़ी का दरवाज़ा जाम था, इसलिए सलमान ड्राइवर सीट से उतरे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

केस में क्या है नया पेंच...?
सलमान खान के ड्राइवर अशोक सिंह का दावा है कि उस रात वह गाड़ी चला रहे थे, सलमान नहीं। गाड़ी का टायर फटने की वजह से स्टियरिंग जाम हो गया और गाड़ी घूम नहीं पाई, इसलिए हादसा हुआ। ड्राइवर का दावा है कि उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया, पुलिस स्टेशन गया, लेकिन उसकी नहीं सुनी गई।