विज्ञापन
This Article is From Dec 23, 2014

प्रियंका चोपड़ा करेंगी अमेरिकन टीवी चैनल पर शो

प्रियंका चोपड़ा करेंगी अमेरिकन टीवी चैनल पर शो
मुंबई:

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अमेरिकन टीवी चैनल पर शो करने जा रही हैं। अमेरिका के बड़े प्रोडक्शन हाउस एबीसी ने प्रियंका चोपड़ा को साइन किया है। खास बात यह है कि प्रियंका को साइन करने के बाद इसके लिए कहानी लिखी जाएगी, जिसमें प्रियंका अभिनय करेंगी।

इस मौके पर प्रियंका ने कहा कि मेरे लिए वक्त निकालना मुश्किल था, क्योंकि फिल्म और म्यूजिक में व्यस्त हूं, मगर यह मौका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिला तो मैंने पकड़ना ही बेहतर समझा।

प्रियंका जल्द ही अमेरिका जाने वाली है। जहां वह राइटर डायरेक्टर से मिलने और कहानियां सुनने के बाद फैसला लेंगी कि वह कौन-से धारावाहिक में कौन-सी भूमिका निभाएंगी।

प्रियंका ने बताया कि मैं भारतीय कलाकारों की रिवायत को तोड़ना चाहती हूं, क्योंकि आमतौर पर विदेशी फिल्म या धारावाहिकों में भारतीय कलाकारों को अंग्रेजी बोलने वाले एशियाई मूल के किरदार ही मिलते हैं, जिसे मैं करना नहीं चाहती। क्या मालूम मैं इजिप्ट की रानी का रोल अच्छे से निभा पाऊं। इसलिए मैं उस पुरानी दीवार को तोड़कर कुछ अलग करना चाहती हूं।

वैसे, प्रियंका ने यह साफ कर दिया कि वह किसी भी रियलिटी शो का हिस्सा नहीं बनेंगी, क्योंकि पिंजरे में कैद पंछी की तरह कैमरों के बीच वह खुद को अकेले कैद नहीं रहना चाहतीं। वह धारावाहिक का हिस्सा बनना चाहती हैं।

प्रियंका ने यह भी बताया कि उनके पास हॉलीवुड फिल्मों के भी कई ऑफर आते रहते हैं, मगर वह अब तक इसीलिए उन फिल्मों को मना करती रहती हैं, क्योंकि उन्हें अंग्रेजी बोलने वाली महिला के किरदार मिलते हैं, जिसे वह करना नहीं चाहतीं। प्रियंका के मुताबिक, अब वक्त आ चुका है कि ऐसे किरदारों को छोड़, कुछ विदेशी रोल करें। भारतीय अभिनेता और अभिनेत्रियां अपना जलवा और टैलेंट दिखाएं।

गौर करने वाली बात यह है कि पहले दुनिया की सबसे खूबसूरत लड़की का ताज। उसके बाद अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक एलबम और इनके अलावा बॉलीवुड में बड़ी सफलता। जाहिर है कि प्रियंका के पास ऐसे ऑफर आएंगे ही और शायद यही वजह है कि अमेरिकन टीवी के इस बड़े प्रोडक्शन हाउस ने प्रियंका को साइन किया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
प्रियंका चोपड़ा, अमेरिकन टीवी शो, Priyanka Chopra, US TV Show
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com