चैतन्य तम्हाणे की मराठी फिल्म 'कोर्ट' होगी ऑस्कर में भारतीय एन्ट्री

चैतन्य तम्हाणे की मराठी फिल्म 'कोर्ट' होगी ऑस्कर में भारतीय एन्ट्री

कोर्ट फिल्म का दृश्य

मुंबई:

'सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म' के राष्ट्रीय पुस्कार सहित 18 अंतरराष्ट्रीय अवार्ड जीत चुकी मराठी फिल्म 'कोर्ट' 88वें ऑस्कर फिल्म पुरस्कारों (एकैडमी अवार्ड्स) में भारत की ओर से आधिकारिक प्रविष्टि होगी।

'कोर्ट' का प्रीमियर पिछले साल 71वें वेनिस फिल्म फेस्टिवल के दौरान 4 सितंबर, 2014 को किया गया था। यह एक कोर्टरूम ड्रामा है, जिसके लेखक-निर्देशक चैतन्य तम्हाणे हैं, और यह निर्देशक के रूप में उनकी पहली ही फिल्म है। फिल्म के अधिकतर कलाकार नए हैं, जिनमें वीरा साथीदार, विवेक गोम्बर, गीतांजलि कुलकर्णी और प्रदीप जोशी प्रमुख हैं।

थिएटरों में इसी साल अप्रैल माह में रिलीज़ की गई 'कोर्ट' मराठी के अतिरिक्त तीन अन्य भाषाओं - हिन्दी, गुजराती और अंग्रेज़ी में भी - साथ-साथ बनाई गई थी। यह एक वृद्ध लोकगायक की मृत्यु की कहानी है, जिसकी सुनवाई एक अदालत में हो रही है। फिल्म में निचली अदालतों में वकीलों के दांव-पेंचों को दिखाया गया है, जहां शहर के लोगों की आशाओं और सपनों से खिलवाड़ किया जाता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस साल एकैडमी अवार्ड में भेजे जाने वाली फिल्म के चयन के लिए बनी जूरी के प्रमुख अभिनेता-निर्देशक अमोल पालेकर हैं। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी सुपर्ण सेन ने 'कोर्ट' के ऑस्कर की आधिकारिक भारतीय प्रविष्टि होने की पुष्टि की है।