आज यानी 3 जून को विभुवन संकष्टी चतुर्थी का पावन पर्व है. यह दिन भगवान गणेश की पूजा और व्रत के लिए बेहद शुभ माना जाता है. हिंदू धर्म में संकष्टी चतुर्थी को संकटों को दूर करने वाला व्रत माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान गणेश की पूजा करने से कार्यों में आ रही रुकावटें दूर होती हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. वहीं, अधिक मास में पड़ने पर संकष्टी चतुर्थी को विभुवन संकष्टी चतुर्थी कहा जाता है. इस बार इस व्रत का महत्व और भी बढ़ गया है क्योंकि यह बुधवार के दिन पड़ रहा है. बुधवार का दिन भी भगवान गणेश को समर्पित माना जाता है. ऐसे में जो लोग किसी समस्या, आर्थिक परेशानी या कार्यों में लगातार बाधाओं का सामना कर रहे हैं, उनके लिए यह दिन विशेष फलदायी हो सकता है.
ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित बताते हैं, संकष्टी चतुर्थी की रात कुछ विशेष उपाय करने से भगवान गणेश की कृपा शीघ्र प्राप्त हो सकती है. आइए जानते हैं गणपति बप्पा को प्रसन्न करने के कुछ ऐसे ही उपाय-
चंद्रमा को दें अर्घ्य
ज्योतिषाचार्य कहते हैं, चंद्रमा के उदय होने पर जल में दूध, अक्षत और रोली मिलाकर चंद्रदेव को अर्घ्य दें. इसके बाद दीपक जलाकर चंद्रमा की आरती करें. ऐसा करने से संकष्टी चतुर्थी के व्रत का पूर्ण फल प्राप्त होता है.
गणेश जी को ऐसे करें प्रसन्नभगवान गणेश के समक्ष दीपक जलाकर गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करना अत्यंत शुभ माना गया है. इसके अलावा 21 गांठ दूर्वा अर्पित करने से भी गणेश जी प्रसन्न होते हैं.
गणपति को लगाएं प्रिय भोगभोग में मोदक, बेसन के लड्डू और मूंग दाल के हलवे का प्रसाद चढ़ाना लाभकारी माना गया है. वहीं, चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर गणेश जी को चोला अर्पित करने का भी विशेष महत्व बताया गया है.
आर्थिक तरक्की के लिए करें ये उपायज्योतिषाचार्य के अनुसार, जिन लोगों की कुंडली में बुध की अंतरदशा चल रही है, उन्हें बुधवार का व्रत अवश्य रखना चाहिए. वहीं, धन संबंधी परेशानियों को दूर करने और आर्थिक मजबूती के लिए शमी के पत्ते भगवान गणेश को अर्पित करना शुभ माना गया है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, श्रद्धा और नियमपूर्वक किए गए ये उपाय भगवान गणेश की कृपा दिलाने में सहायक हो सकते हैं. माना जाता है कि गणपति बप्पा की कृपा से जीवन के संकट दूर होते हैं और सफलता के नए द्वार खुलते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- Vibhuvana Sankashti Chaturthi 2026: विभुवन संकष्टी चतुर्थी आज, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और पूजन विधि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं