Sawan Somwar Vrat Significance: सनातन परंपरा में भगवान शिव की पूजा के लिए सावन का महीना और सोमवार का दिन बेहद शुभ और फलदायी माना गया है और जब कभी भी इन दोनों का संयोग बनता है तो उस दिन शिव भक्त सावन सोमवार का महाव्रत रखते हुए देवों के देव कहलाने वाले महादेव का विधि-विधान से पूजा, अर्चना और व्रत रखते हैं. साल 2026 में सावन महीने की शुरुआत कब होगी? इस साल सावन महीने में कितने सोमवार पड़ेंगे? प्रत्येक सावन सोमवार की पूजा का क्या महत्व है? आइए भगवान शिव की कृपा बरसाने वाले श्रावण सोमवार के बारे में विस्तार से जानते हैं.
सावन 2026 प्रारंभ : पंचांग के अनुसार साल का पांचवां महीना श्रावण मास 30 जुलाई 2026, गुरुवार से प्रांरभ होगा.
सावन 2026 समाप्त : पंचांग के अनुसार श्रावण मास की समाप्ति 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को होगी.
सावन के किस सोमवार का क्या मिलता है फल?
सावन का पहला सोमवार व्रत (03 अगस्त 2026)

हिंदू मान्यता के अनुसार सावन के जिस सोमवार पर भगवान शिव की कृपा बरसती है, वह पहला व्रत 03 अगस्त 2026 को पड़ेगा. मान्यता है कि सावन में पड़ने वाले पहले सोमवार का व्रत विधि-विधान से रखने पर भगवान शिव के आशीर्वाद से साधक का करियर और कारोबार दिन दोगुनी रात चौगुना बढ़ता है. श्रावण मास का पहले सोमवार के व्रत के पुण्यफल से रोजगार से जुड़ी चिंताएं दूर होती हैं और साधक को धन-धान्य की प्राप्ति होती है.
सावन का दूसरा सोमवार व्रत (10 अगस्त 2026)

पंचांग के अनुसार देवों के देव महादेव की कृपा बरसाने वाला श्रावण मास का दूसरा सोमवार व्रत 10 अगस्त 2026 को पड़ेगा. हिंदू मान्यता के अनुसार सावन महीने का दूसरा सोमवार सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद प्रदान करता है. श्रावण मास के दूसरे सोमवार व्रत के पुण्य प्रभाव से अविवाहितों को मनचाहा जीवनसाथी प्राप्त होता है. शिव की कृपा से साधक का जीवन पूरी तरह से सुखमय बना रहता है.
सावन का तीसरा सोमवार व्रत (17 अगस्त 2026)

पंचांग के अनुसार सावन महीने का तीसरा सोमवार व्रत माह के मध्य में यानि 17 अगस्त 2026 को पड़ेगा. हिंदू मान्यता के अनुसार सावन के तीसरे सोमवार का व्रत नियमपूर्वक रखने पर साधक को महादेव संग माता पार्वती का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है. श्रावण सोमवार के तीसरे व्रत के पुण्य प्रभाव से पूरे साल भी सौभाग्य और आरोग्य बना रहता है.
Gupt Navratri 2026: गुप्त नवरात्रि का महाउपाय, जिसे करते ही जल्द पूरी होती है बड़ी से बड़ी मनोकामना
सावन का आखिरी सोमवार व्रत (24 अगस्त 2026)

Photo: PTI
पंचांग के अनुसार सावन महीने का चौथा और आखिरी सोमवार व्रत 24 अगस्त 2026 को पड़ेगा. हिंदू मान्यता के अनुसार सावन के आखिरी सोमवार पर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन, व्रत एवं जप करने पर साधक के जीवन में आ रही सारी अड़चनें दूर हो जाती हैं. शिव की कृपा से साधक अपने शत्रुओं पर विजय प्राप्त करता है और उसकी समाज में यश-कीर्ति बढ़ती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं