Gupt Navratri ke upay: हिंदू धर्म में देवी दुर्गा की पूजा एवं व्रत के लिए नवरात्रि के 9 दिन बेहद ही शुभ और फलदायी माने गये हैं. शक्ति साधना के लिए साल भर में कुल चार नवरात्रि आती है, जिसमें चैत्र और आश्विन नवरात्रि में देवी की प्रत्यक्ष रूप से पूजा की जाती है, लेकिन माघ और आषाढ़ मास की नवरात्रि, जिसे गुप्त नवरात्रि के नाम से जाना जाता है, उसमें माता की बेहद गोपनीय तरीके से साधना-आराधना और व्रत को किया जाता है. पंचांग के अनुसार इस साल आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि का पावन पर्व 15 से 23 जुलाई 2026 तक मनाया जाएगा. आइए गुप्त नवरात्रि में किए जाने वाले पूजा के उन उपायों के बारे में विस्तार से जानते हैं, जिसे करते ही देवी दुर्गा की कृपा शीघ्र ही बरसती है.
शीघ्र विवाह के उपाय
यदि किसी कन्या के विवाह में विलंब हो रहा है या फिर उसमें कोई न कोई अड़चन आ रही है तो शीघ्र विवाह और मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए आपको गुप्त नवरात्रि में माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा करते हुए 9 दिनों तक लगातार श्रृंगार की सामग्री चढ़ानी चाहिए. मान्यता है कि देवी पूजा के इस उपाय से विवाह की कामना शीघ्र ही पूरी होती है.

मुकदमे और शत्रु पर विजय पाने का उपाय
यदि आपको हर समय अपने शत्रुओं से भय बना रहता है और आप उन पर विजय प्राप्ति की कामना रखते हैं या फिर आपको कोर्ट-कचहरी में जीत का इंतजार बना हुआ है तो आपको अपनी इस मनोकामना को पूरा करने के लिए गुप्त नवरात्रि पर मां बगलामुखी की विशेष रूप से पूजा करते हुए लगातार 9 दिनों तक ॐ ह्लीं बगलामुखी सर्वदुष्टानां वाचं मुखं पदं स्तम्भय जिह्वां कीलय बुद्धिं विनाशय ह्लीं ॐ मंत्र का जप करना चाहिए.
कारोबार में वृद्धि के लिए देवी पूजा का उपाय
यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं और आपकी मनोकामना है कि आपका कारोबार तेजी से आगे बढ़े और आपको मनचाहा लाभ हो तो आपको इस गुप्त नवरात्रि के 9 दिनों के भीतर दुर्गा सप्तशती के 27 पाठ करना चाहिए. मान्यता है कि देवी पूजा के इस उपाय से कारोबार में उन्नति और मनचाहा लाभ प्राप्त होता है.
गुप्त नवरात्रि की साधना से जुड़े नियम

- यदि आप चाहते हैं कि गुप्त नवरात्रि में आपके द्वारा की गई शक्ति साधना शीघ्र ही सफल हो तो आपको अपनी साधना को पूर्ण रूप से गुप्त रखना चाहिए.
- गुप्त नवरात्रि की पूजा को हमेशा एक निश्चित स्थान पर एक निश्चित समय पर तन-मन से पवित्र होकर करनी चाहिए.
- गुप्त नवरात्रि की साधना करने वाले साधक ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए तामसिक चीजों से दूरी बनाए रखना चाहिए.
- गुप्त नवरात्रि की पूजा गृहस्थ व्यक्ति को कभी भूलकर भी काले कपड़े पहन कर नहीं करना चाहिए.
Gupt Navratri 2026 Date: आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि कब है? जानें 10 महाविद्या की पूजा के बड़े लाभ
- गुप्त नवरात्रि की पूजा करने वाले साधक को प्रतिदिन सुबह-शाम देवी दुर्गा के सामने शुद्ध घी का दीया जलाना चाहिए.
- गुप्त नवरात्रि की साधना का शीघ्र फल पाने के लिए साधक को दुर्गा सप्तशती अथवा देवी महात्मय का पाठ करना चाहिए.
- धन की कामना करने वाले साधक को गुप्त नवरात्रि में विशेष रूप से श्री सूक्त का पाठ करना चाहिए.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं