Sapne Ka Matlab: रात को सोने के बाद जब कभी भी हम स्वप्न लोक की दुनिया में जाते हैं तो अक्सर उसमें अजब-गजब चीजें दिखाई देती हैं. ये सपने कभी मन को भाने वाले तो कभी परेशान करने वाले होते हैं. स्वप्न शास्त्र के अनुसार जिस स्वप्न लोक में जाने के बाद में इंसान का खुद पर कोई बस नहीं रह जाता है, उसमें यदि किसी व्यक्ति को अलग-अलग तरह के पक्षी दिखाई दें तो उसमें भी भविष्य के लिए कोई न कोई संकेत छिपा होता है. आइए जानते हैं कि सपने में गरुण, उल्लू, हंस, नीलकंठ आदि दिखाई दे तो उसके क्या मायने होते हैं.
सपने में मोर दिखने का क्या होता है मतलब?

Photo Credit: pexels
स्वप्न शास्त्र के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को सपने में मोर उड़ता हुआ या फिर नाचता हुआ दिखाई दे तो उसे भविष्य में शुभ फल प्राप्त होते हैं. यह सपना तब और भी ज्यादा शुभ और लाभ लिए होता है, जब व्यक्ति को सपने में सफेद मोर दिखाई देता है. मान्यता है कि सफेद मोर दिखने पर व्यक्ति को भविष्य में ढेर सारी खुशियां, सुख, वैभव मिलने का संकेत मिलता है. मोर से जुड़ा सपना व्यक्ति के बढ़ते हुए आत्मविश्वास का प्रतीक होता है.
सपने में नीलकंठ देखने का क्या होता है मतलब?

स्वप्न शास्त्र के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को सपने में नीलकंठ दिखाई दे तो समझ लीजिए कि उसके जीवन से सारी अड़चनें दूर होने वाली हैं और उसके अच्छे दिन आने वाले हैं. नीलकंठ का सपने में दिखना बेहद शुभ माना जाता है. यह व्यक्ति को भविष्य में मिलने वाली बड़ी सफलता का प्रतीक होता है. नीलकंठ के सपने को मनचाहा जीवनाथी मिलने का संकेत भी माना जाता है.
सपने में गरुण दिखने का क्या होता है मतलब?

सनातन परंपरा में जिस गरुण को भगवान श्री विष्णु की सवारी माना जाता है, यदि उसके दर्शन सपने में नजर आए तो वह बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि यदि किसी व्यक्ति को सपने में गरुण उड़ता हुआ नजर आए तो समझ लीजिए कि उसे जीवन में बड़ी उपलब्धि या फिर कहें तरक्की मिलने वाली है. गरुण का सपना सुख-सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है.
सपने में उल्लू दिखने का क्या होता है मतलब?

हिंदू धर्म में जिस उल्लू को धन की देवी मां लक्ष्मी की सवारी माना जाता है, यदि वह सपने में कहीं बैठा हुआ या फिर आपकी तरफ उड़कर आता हुआ नजर आए तो समझ लीजिए आपको कहीं न कहीं से अतिशीघ्र लाभ होने वाला है. उल्लू से जुड़ा सपना आर्थिक ताकत के बढ़ने का संकेत होता है.
सपने में हंस दिखने का क्या होता है मतलब?

स्वप्न शास्त्र में सपने में हंस का दिखना बेहद शुभ माना गया है. मान्यता है कि यदि किसी व्यक्ति को सपने में सफेद हंस दिखाई तो समझ लीजिए कि उसे जीवन में कोई बड़ी खुशी प्राप्त होने वाली है.
Ashadha Amavasya 2026: आषाढ़ अमावस्या कब है? जानें इससे जुड़ा स्नान-दान और पूजा का महाउपाय
सफेद हंस से जुड़ा सपना भविष्य में शुभ और मांगलिक कार्यों के संपन्न होने का प्रतीक होता है. हालांकि सपने में काले रंग का हंस दिखना अशुभ माना जाता है.
सपने में तोता दिखने का क्या होता है मतलब?

स्वप्न शास्त्र के अनुसार सपने में तोता दिखाई देना शुभ संकेत माना जाता है और यदि किसी को जोड़े में तोता नजर आए तो समझ लीजिए कि उस व्यक्ति का दांपत्य जीवन या फिर लव लाइफ सुखमय रहने वाली है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं