True love number by Numerology: जीवन में हर किसी को अपने लिए सच्चे जीवनसाथी या फिर कहें बेस्ट लव पार्टनर की तलाश होती है. हर कोई चाहता है कि उसे जीवन में एक ऐसा शख्स मिले जिसके साथ उसकी आदतें और ख्वाहिशें मैच करती हों. यदि आपकी भी यही मनोकमना है और आप किसी ऐसे शख्स से जुड़ना चाहते हैं, जो आपकी भावनाओं की कद्र करते हुए आपके सपनों को साकार करने में मददगार साबित हो तो इसके लिए अंक ज्योतिष वरदान साबित हो सकता है. आइए न्यूमरोलॉजी के जरिए जानते हैं कि आपके लिए किस मूलांक का शख्स सच्चा प्यार (Best Love Partner) या फिर कहें बेहतर जीवनसाथी (Best Soulmate) साबित हो सकता है.
मूलांक 1 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 01 का संबंध सूर्य से होता है और इस मूलांक के लोगों का भाग्य भी सूर्य की तरह ही चमकता है. हर किसी के सामने अपनी बात दो टूक बात कहने वाले लोगों के लिए 1, 4 और 8 मूलांक वाले लोग बेस्ट लव पार्टनर साबित हो सकते हैं. ऐसे में जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 1, 4, 8, 10, 13, 17, 19, 22, 26, 28, 31 तारीख को हुआ हो, उन लोगों के साथ मूलांक 01 की अच्छी ट्यूनिंग देखने को मिलती है.
मूलांक 2 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष के अनुसार जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 2, 11, 20 या फिर 29 तारीख को हुआ होता है, उनका मूलांक 2 होता है. इस मूलांक का ग्रह चंद्रमा है. मूलांक 2 वाले लोग बेहद भावुक, सुशील और समझदार होते हैं. न्यूमरोलॉजी के अनुसार मूलांक 02 वालों के लिए 2, 7 और 9 नंबर वाले लोग अच्छे लव पार्टनर साबित होते हैं. ऐसे में जिन लोगों के जन्म किसी भी महीने की 2, 7, 9, 11, 16, 18, 20, 25, 27, 29 तारीख को हुआ हो, उनके साथ आपकी अच्छी ट्यूनिंग बैठ सकती है.
मूलांक 3 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष में मूलांक 3 को बेहद खास माना गया है. इस नंबर से जुड़े लोग काफी परिश्रम और स्पष्ट बोलने वाले लोग होते हैं. मूलांक 3 वालों को बातों के जरिए दूसरों को अपना बनाना अच्छी तरह से आता है. न्यूमरोलॉजी के अनुसार मूलांक 3 वालों के लिए 3, 6, या 9 नंबर वाले लोग अच्छे लव पार्टनर साबित होते हैं. ऐसे में इन्हें अपना लव पार्टनर उन्हें चुनना चाहिए, जिनका जन्म किसी भी महीने 3, 6, 9, 12, 15, 18, 21, 24, 27 या 30 तारीख को हुआ हो.
मूलांक 4 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष में मूलांक 4 को बेहद लकी नंबर माना जाता है. इस नंबर से जुड़े लोग जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बड़ी सफलता प्राप्त करते हैं. मूलांक 4 वाले दूसरों को बड़ी आसानी से अपना दोस्त बना लेते हैं. न्यूमरोलॉजी के अनुसार मूलांक 4 वालों के लिए 1, 4, 8 नंबर वाले लोग अच्छे लव पार्टनर साबित होते हैं. ऐसे में मूलांक 4 वालों को अपने लिए लव या लाइफ पार्टनर हमेशा उन लोगों को चुनने का प्रयास करना चाहिए जिनका जन्म किसी भी महीने की 1, 4, 8, 10, 13, 17, 22, 26, 28 एवं 31 तारीख को हुआ हो.
मूलांक 5 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 5 का संबंध बुध ग्रह से होता है. नवग्रहों के राजकुमार से जुड़े इस नंबर वाले लोग बेहद सुलझे हुए और समझदार होते हैं. अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 5 के लिए 3, 5 और 9 नंबर वाले लोग सच्चा प्यार साबित होते हैं. ऐसे में इन्हें अपना लव पार्टनर उन्हें चुनना चाहिए, जिनका जन्म किसी भी महीने की 3, 5, 9, 12, 14, 18, 21, 23. 27 एवं 30 तारीख को हुआ हो.
मूलांक 6 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 6 का स्वामी ग्रह शुक्र है. इस मूलांक वाले लोग बेहद आकर्षक और शानो—शौकत का जीवन जीने वाले होते हैं. न्यूमरोलॉजी के अनुसार मूलांक 6 के लिए 3, 6, 9 नंबर वाले लोग बेहतर पार्टनर साबित होते हैं. ऐसे में इन्हें सच्चा प्यार पाने के लिए हमेशा उन लोगों को चुनना चाहिए जिनका जन्म किसी भी महीने की 3, 6, 9, 12, 15, 18, 21, 24, 27 एवं 30 तारीख को हुआ हो.
मूलांक 7 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 7 का संबंध नेपच्यून यानि वरूण देवता से होता है. इस मूलांक वाले लोग काफी भाग्यशाली होते हैं और बड़ी आसानी से दूसरे के मन में चल रही बात को भांप लेते हैं. अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 7 वालों के लिए 2, 6 और 7 नंबर वाले लोग सच्चे पार्टनर साबित होते हैं. ऐसे लोगों के साथ मूलांक 7 वालों की अच्छी ट्यूनिंग बैठती है. ऐसे में अगर आप अपने लिए सच्चा लव पार्टनर चुनना चाहते हैं तो आपको किसी भी महीने की 2, 6, 7, 11, 15, 16, 20, 24, 25 एवं 29 तारीख में जन्में लोगों को प्राथमिकता देनी चाहिए.
मूलांक 8 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष में मूलांक 8 का महत्वपूर्ण स्थान है. इसके स्वामी ग्रह शनि देवता हैं. मूलांक 8 वाले लोग काफी गंभीर स्वभाव के होते हैं और इन्हें बेवजह का दिखावा करना नहीं भाता है. न्यूमरोलॉजी के अनुसार मूलांक 8 वालों के लिए 1, 4 और 8 नंबर वाले लोग अच्छे लव पार्टनर साबित होते हैं. ऐसे में इन्हें अपना लव या फिर कहें लाइफ पार्टनर उन्हें चुनना चाहिए, जिनका जन्म किसी भी महीने की 1, 4, 8, 10, 13, 17, 19, 22, 26, 28 और 31 तारीख को हुआ हो.
मूलांक 9 का लव पार्टनर

अंक ज्योतिष में मूलांक 9 के स्वामी ग्रह मंगल देवता माने गये हैं. ये लोग काफी ऊर्जावान होते हैं और किसी भी कठिन परिस्थिति का डटकर मुकाबला करते हैं और अपने काम को कभी भी अधूरा नहीं छोड़ते हैं. अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 9 वालों के लिए 3, 6 और 9 नंबर वाले लोग अच्छे लव पार्टनर साबित होते हैं. ऐसे में इन्हें अपना लव पार्टनर या फिर लाइफ पार्टनर उन्हें चुनना चाहिए, जिनका जन्म किसी भी महीने की 3, 6, 9, 12, 15, 18, 21, 24, 27 एवं 30 तारीख को हुआ हो.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं