सनातन धर्म में पूर्णिमा तिथि को बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और नियम के साथ भगवान की पूजा करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है. आज, 29 जून 2026, सोमवार को ज्येष्ठ पूर्णिमा का पावन पर्व है. इस दिन भगवान विष्णु, मां लक्ष्मी और चंद्रदेव की पूजा, व्रत स्नान और दान का विशेष महत्व बताया गया है. पंचांग के अनुसार, पूर्णिमा तिथि आज सुबह 4 बजकर 02 मिनट से शुरू हो चुकी है और 30 जून की सुबह 5 बजकर 53 बजे तक रहेगी. ऐसे में आइए जानते हैं आज पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा, साथ ही जानेंगे पूजा विधि और स्नान-दान का शुभ समय-
पूजा का शुभ मुहूर्त
आज पूजा के लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 06 मिनट से 4 बजकर 46 मिनट तक रहेगा. वहीं, अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 57 मिनट से दोपहर 12 बजकर 52 मिनट तक है. चंद्रमा का उदय शाम 7 बजकर 16 मिनट पर होगा. धार्मिक मान्यता के अनुसार, आज के दिन चंद्रोदय के बाद चंद्रदेव को जल अर्पित करना शुभ फल देने वाला माना जाता है.
ऐसे करें पूजा- ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन सुबह जल्दी उठकर किसी पवित्र नदी में स्नान करें.
- अगर नदी में स्नान करना संभव न हो तो घर पर नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान किया जा सकता है.
- इसके बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर मन में व्रत का संकल्प लें.
- इसके बाद घर के मंदिर में दीपक जलाकर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा करें.
- भगवान विष्णु को तुलसी दल और पीले फूल अर्पित करें.
- माता लक्ष्मी को खीर का भोग लगाकर विधि-विधान से पूजा करें .
- पूजा के अंत में आरती करें और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें.
- शाम को चंद्रमा निकलने के बाद जल का अर्घ्य दें.
- इस दिन भगवान सत्यनारायण की कथा सुनना या पढ़ना भी शुभ माना जाता है.
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त से लेकर पूरे दिन स्नान और दान किया जा सकता है. इस दिन सफेद वस्तुओं का दान विशेष रूप से शुभ माना जाता है. आप अपनी श्रद्धा के अनुसार चावल, दही, खीर, दूध, चीनी, सफेद कपड़े, या चांदी का दान कर सकते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- 12 अगस्त को लगेगा साल का सबसे बड़ा सूर्य ग्रहण, जानें कब, कहां और कैसे देख पाएंगे यह अद्भुत नजारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं