Hanuman Jayanti 2026 Kab Hai: सनातन परंपरा में हनुमान जयंती का महापर्व हर साल चैत्र मास की पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाता है. यह पावन पर्व शक्ति और भक्ति के प्रतीक माने जाने वाले अंजनिपुत्र हनुमान जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमान जी की उपासना सभी कष्टों से मुक्ति दिलाकर सुख-सौभाग्य को दिलाने वाली है. ऐसे रुद्रावतार बजरंग बली की जयंती इस साल कब पड़ेगी? हनुमान जयंती पर बजरंगी की पूजा कैसे करनी चाहिए? आइए हनुमान जयंती की सही तारीख से लेकर उनकी उपासना के धार्मिक महत्व आदि के बारे में विस्तार से जानते हैं.
हनुमान जयंती का शुभ मुहूर्त (Hanuman Jyanti 2026 Date And Shubh Muhurat)
पंचांग के अनुसार जिस चैत्र मास की पूर्णिमा तिथि पर महाबली हनुमान जी की जयंती मनाई जाती है, वह इस साल 01 अप्रैल 2026, बुधवार को प्रात:काल 07:06 बजे प्रारंभ होकर अगले दिन 02 अप्रैल 2026, बृहस्पतिवार को प्रात:काल 07:41 बजे तक रहेगी. ऐसे में उदया तिथि के अनुसार हनुमान जी का पावन जन्मोत्सव 02 अप्रैल 2026 को ही मनाया जाएगा.
हनुमान जयंती की पूजा विधि (Hanuman Jyanti 2026 Puja Vidhi)

हनुमान जयंती के दिन बजरंगी की साधना करने के लिए व्यक्ति को सूर्योदय से पहले उठकर तन और मन से पवित्र होना चाहिए. इसके बाद बजरंगी की विधि-विधान से पूजा और व्रत करने का संकल्प लेना चाहिए. इसके बाद अपने पूजा घर में या फिर किसी हनुमान मंदिर में जाकर हनुमान जी को सबसे जल अर्पित करें. इसके बाद बजरंगी को लाल रंग का वस्त्र अर्पित करें.
फिर हनुमान जी की लाल रंग के पुष्प, रोली, चंदन, जनेउ, अक्षत, धूप, दीप, फल, बूंदी का लड्डू, चूरमा, पान, सुपाड़ी, इलायची आदि अर्पित करने के बाद हनुमान चालीसा का कम से कम सात बार पाठ करना चाहिए. हनुमान जी की पूजा का पूर्ण फल पाने के लिए उनके आराध्य प्रभु श्री राम की भी विशेष पूजा तथा उनके मंत्र का जप करें. हनुमान जी की पूजा के अंत उनकी आरती करना बिल्कुल न भूले..
हनुमान जयंती की पूजा का उपाय (Hanuman Jyanti 2026 Puja Remedies)

हनुमान जयंती की पूजा पर बजरंगी की विशेष कृपा पाने या फिर अपनी विशेष कामना को पूरा करने के लिए हनुमान जंयती पर पूजा में उन्हें सिंदूर का चोला और मीठा पान अवश्य चढ़ाएं. इसके साथ पूजा में श्री सुंदरकांड या फिर बजरंग बाण का पाठ भी करें.
Holashtak 2026: कब से लगेगा होलाष्टक? जानें होलिका दहन और होली की सही तारीख, सिर्फ एक क्लिक में
हनुमान जयंती का धार्मिक महत्व (Hanuman Jyanti 2026 Significance)
हिंदू मान्यता के अनुसार जिस हनुमान जी का नाम लेने मात्र से ही तमाम तरह के भय और दुख दूर हो जाते हैं, उनकी जयंती पर की जाने वाली साधना शीघ्र ही शुभ फल प्रदान करती है. हनुमान जयंती की पूजा करने पर हनुमत साधक का आत्मविश्वास और आत्मबल बढ़ता है और उस पर हर समय बजरंगी की कृपा बनी रहती है. हनुमान जयंती की पूजा के पुण्यफल से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं