विज्ञापन
18 minutes ago

Eid ul-Fitr 2026 Live: देशभर में आज यानी 21 मार्च को ईद मनाई जा रही है. ईद‑उल‑फितर इस्लाम धर्म के सबसे प्रमुख त्योहारों में से एक है. इस पर्व को मीठी ईद के नाम से भी जाना जाता है. यह त्योहार रमजान के पाक महीने के खत्म होने पर मनाया जाता है. आज खुशी और भाईचारे का पर्व ईद-उल-फितर बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. आज लोग मस्जिदों में नमाज़ अदा करते हैं, गले मिलते हैं और एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हैं. मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ के समय पहले ही तय कर दिए गए हैं. ईद के दिन की शुरुआत खास नमाज़ से होती है, जिसे ‘ईद की नमाज़' कहा जाता है.

दरअसल, मुस्लिम कैलेंडर का नौवां महीना, रमज़ान सबसे पवित्र समयों में से एक है, क्योंकि इसी महीने में पवित्र ग्रंथ कुरान नाज़िल हुआ था. रमज़ान के आखिर में ईद-उल-फितर रोज़ा तोड़ने का जश्न होता है. इस दिन दोस्त और परिवार के लोग मिलकर दावत करते हैं और एक-दूसरे को तोहफे देते हैं. ईद-उल-फितर से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए जुड़े रहें ndtv.in के साथ...
 

अखिलेश यादव ने दी ईद की मुबारकबाद

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "ईद की बहुत-बहुत मुबारकबाद. पूरे देश में खुशी के साथ ईद का त्यौहार मनाया जा रहा है. मैं सभी देशवासियों को ईद के त्यौहार की मुबारकबाद देता हूं. अभी कुछ दिन पहले ही हमने होली का त्यौहार मनाया था. उसमें हम सभी ने मिलकर, गले लगकर गुझिया बांटी थीं, खुशियां बांटी थीं. आज हमारा एक और त्यौहार आया है, ईद का त्यौहार जहां हम फिर गले मिले हैं.

दिल्ली में ईद के पुख्ता इंतजाम

दिल्ली: जॉइंट CP मधुर वर्मा ने कहा, "दिल्ली पुलिस ने तमाम सेंट्रल रेंज में और खासकर जहां मिली-जुली आबादी वाले क्षेत्र हैं, वहां पुख्ता ईद के इंतजाम किए हैं. आज सुबह की ईद की नमाज भी शांतिपूर्वक सभी जगहों पर पूर्ण हो गई है. दिल्ली पुलिस ने सुनिश्चित किया है कि सामान्य लोगों के लिए भी ट्रैफिक का संचालन सुचारू रूप से चलता रहे. दिल्ली पुलिस ने तैनाती बढ़ाई है. अभी तक कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है. हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि ये दिन अप्रिय घटना से मुक्त रहे"

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के SP के. के. बिश्नोई ने बताया, "ईद-उल-फितर के पर्व पर आज सभी जगहों पर नमाज अदा की जा रही है या अदा की जा चुकी है... शांतिपूर्ण तरीके से सभी लोग ये पर्व मना रहे हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि सभी लोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनपद संभल में सहयोग करेंगे. शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का किसी भी प्रकार से उल्लंघन नहीं किया गया है"

जकात और फितरा क्या है?

ईद का दिन मुस्लिम समुदाय के लिए बेहद खास होता है. यह दिन जरूरतमंदों के प्रति सहानुभूति और सहायता का संदेश भी देता है. जकात इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक अनिवार्य दान है, जो साहिब-ए-निसाब यानी निर्धारित संपत्ति वाले मुसलमानों द्वारा वर्ष में एक बार अपनी कुल संपत्ति का गरीबों को दिया जाता है. फितरा (Fitra/Zakat-ul-Fitr) रमजान के अंत में ईद की नमाज से पहले दिया जाने वाला एक निश्चित अनिवार्य दान है, ताकि गरीब भी ईद मना सकें.

Bhopal Eid: भोपाल की ईदगाह में बड़ी संख्‍या में लोगों ने अदा की ईद की नमाज

भोपाल की ईदगाह में शनिवार को ईद के मौके पर बड़ी संख्‍या में नमाजी पहुंचे. सभी ने ईद की नमाज अदा की और एक-दूसरे के गले मिलकर के मुबारकबाद दी. 

...तो दूसरे धर्म के लोगों को भी अच्छा लगता है: ईद पर बोले बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने ईद के मौके पर कहा कि जब हम दूसरे धर्म के लोगों की भावना व आस्था में शामिल होते हैं तो दूसरे धर्म के लोगों को भी अच्छा लगता है.  साथ ही चौधरी ने कहा कि उन्होंने (नीतीश कुमार) बहुत मिन्नत से इस बिहार को 20 साल तक चलाया है. यदि इन 20 साल में शांति बनी रही है, कानून-व्यवस्था ठीक रही है तो उसमें आपसी प्रेम बहुत आवश्यक है. 

Hyderabad Eid: हैदराबाद की मक्‍का मस्जिद में नमाज अदा की गई

हैदराबाद में ईद-उल-फितर 2026 के मौके पर चारमीनार स्थित मक्का मस्जिद पर लोगों ने नमाज अदा की. इस दौरान बड़ी संख्‍या में लोग उमड़े. 

Eid al-Fitr 2026 Live: निशांत कुमार ने दी ईद पर देश और बिहार के लोगों को बधाई

पटना में JDU नेता निशांत कुमार ने ईद-उल-फितर पर कहा कि मैं अपनी तरफ से, मेरे पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से सभी देशवासियों और बिहार वासियों को ईद की बहुत-बहुत मुबारकबाद व बधाई देता हूं.

Sambhal Eid: संभल की मुख्य ईदगाह में कड़ी सुरक्षा में ईद उल फितर की नमाज संपन्न

संभल की मुख्य ईदगाह में कड़ी सुरक्षा में ईद उल फितर की नमाज संपन्न हुई. संभल की 765 मस्जिदों और 117 ईदगाहों में नमाज अदा की गई है. इस दौरान नमाजियों ने एक-दूसरे को ईद उल फितर की बधाई दी. साथ ही कौम और देश की तरक्‍की की दुआ मांगी. डीएम और एसपी लगातार इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे हैं और संवेदनशील इलाकों में नजर रख रहे हैं. 

Eid al-Fitr 2026 Live: ईद-उल-फितर का महत्व

ईद-उल-फितर यानी मीठी ईद रमज़ान के पवित्र महीने की समाप्ति और 30 दिनों के रोज़े के बाद अल्लाह के प्रति आभार व्यक्त करने का एक प्रमुख इस्लामिक त्योहार है, जो भाईचारे, दान और खुशी का संदेश देता है. यह त्योहार शव्वाल महीने की पहली तारीख को चांद देखने के बाद मनाया जाता है, जो आत्म-संयम, क्षमा और सुधार का प्रतीक है.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com