Bada Mangal 2026 Worship Remedies: हिंदू धर्म में चिरंजीवी माने जाने वाले हनुमान की साधना सभी संकटों को दूर करके सुख-सौभाग्य की वर्षा करने वाली मानी गई है. जिस मंगलवार को हनुमान जी की पूजा के लिए अत्यंत ही शुभ माना गया है, उसका धार्मिक महत्व तब और अधिक बढ़ जाता है, जब यह ज्येष्ठ महीने में पड़ता है और बड़ा मंगल के नाम से जाना जाता है. बड़ा मंगल जिसे बुढ़वा मंगल कहा जाता है, उस पावन दिन उत्तर भारत में हनुमान जी की विशेष पूजा की जाती है क्योंकि मान्यता है कि इसी दिन हनुमान जी और प्रभु श्री राम का पहली बार मिलन हुआ था. आइए जानते हैं कि बड़ा मंगल वाले दिन पूजा के किन उपायों को करने पर केसरीनंदन कहलाने वाले हनुमान जी की कृपा शीघ्र ही बरसती है.
बड़ा मंगल पर करें मीठे पान का महाउपाय

सनातन परंपरा में पान को बहुत ज्यादा शुभ माना गया है. यही कारण है कि तमाम देवी-देवताओं की पूजा इस पान के बगैर अधूरी मानी जाती है. जिस पान को प्रत्येक मांगलिक कार्य में प्रयोग में लाया जाता है, उसका उपाय मंगलवार के दिन करने पर शीघ्र ही फलदायी होता है. ऐसे में यदि आप आज बड़ा मंगल पर शक्ति के पुंज माने जाने वाले हनुमान जी को शीघ्र ही प्रसन्न करना चाहते हैं तो आपको उनकी पूजा में विशेष रूप से तांबूल या फिर कहें मीठा पान जरूर चढ़ाना चाहिए. हिंदू मान्यता के अनुसार पूजा में मीठा पान को अर्पित करने पर बजरंगबली शीघ्र ही प्रसन्न होकर अपने साधक को भाग्यवान और धनवान बना देते है. पान के इस उपाय को करते ही जीवन से जुड़े सभी संकट शीघ्र ही दूर होते हैं और हनुमान जी से सुख, संपत्ति और सौभाग्य का वरदान प्राप्त होता है.
बड़ा मंगल पर सभी बलाओं को दूर करेगा सिंदूर

हनुमान जी की पूजा में सिंदूर का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. हिंदू मान्यता के अनुसार जिस सिंदूर को सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है, उसे यदि कोई साधक बड़ा मंगलवार के दिन भक्ति-भाव के साथ हनुमान जी को अर्पित करता है तो अष्टसिद्धि और नवनिधि के दाता कहलाने वाले बजरंगबली उसके सभी दुखों को दूर करते हुए असीम सुख प्रदान करते हैं. हनुमत कृपा से उसकी सभी कामनाएं शीघ्र ही पूरी होती हैं. ऐसे में आज बड़ा मंगल पर सभी बुरी बलाओं से बचने और मनोकामनाओं को पूरा करने के लिए नीचे दिये गये मंत्र को पढ़ते हुए हनुमान जी को सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करें.
सिंदूरं रक्तवर्णं च सिंदूरतिलकप्रिये.
भक्तायन दत्तं मया देव सिंदूरं प्रतिगृह्यताम्.
इन उपायों से भी बरसेगी हनुमत कृपा

- हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए आज बजरंग बली को पूजा में मोतीचूर, चूरमा आदि के साथ तुलसी दल का भोग लगाएं.
- हिंदू मान्यता के अनुसार बड़ा मंगल पर हनुमान जी के गुणों का गान करने वाले श्री सुंदरकांड का पाठ करने पर जीवन में सब सुंदर ही सुंदर घटता है. ऐसे में सुख-सौभाग्य की कामना को पूरा करने के लिए विधि-विधान से श्री सुंदरकांड का पाठ करें.
- हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमत साधना में मंत्र जप का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. ऐसे में आज बड़ा मंगल पर हनुमान जी के चित्र या मूर्ति के सामने बैठकर उनके मंत्र ‘ॐ श्री हनुमते नम:' का अधिक से अधिक जाप करें.
- मान्यता है कि हनुमान जी की चालीसा का जो कोई व्यक्ति भक्ति-भाव के साथ सात बार पाठ करता है, उसके सभी अटके काम शीघ्र ही पूरे होते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं