विज्ञापन
This Article is From Apr 20, 2019

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नामांकन दाखिल किया, जनसभा में उनकी पत्नी ने पढ़ी कविता

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में नामांकन भरा, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भोपाल लोकसभा सीट से भरा नामांकन पत्र

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नामांकन दाखिल किया, जनसभा में उनकी पत्नी ने पढ़ी कविता
शिवपुरी में जनसभा में ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी राजे ने कविता पढ़ी.
भोपाल:

गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया. इससे पहले उन्होंने एक लंबा रोड शो किया.  इस दौरान उनकी पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने जनसभा में ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए एक कविता पढ़ी. पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी आज भोपाल लोकसभा सीट के लिए अपना पर्चा दाखिल किया.

शिवपुरी में जनसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देश में फैले असहिष्णुता के माहौल को बदलने की जरूरत बताते हुए जनता से बीजेपी का बोरिया बिस्तर बांधने का आह्वान किया. सिंधिया ने शनिवार दोपहर को गुना शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद स्थानीय गांधी पार्क में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा, आज देश में असहिष्णुता का माहौल है, लोगों को बेरोजगार किया जा रहा है, ऐसे माहौल को बदलना होगा, भाजपा का बोरिया बिस्तर बांधकर केवल इस क्षेत्र से नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश से रवाना करना होगा.
नामांकन पत्र भरने के दौरान सिंधिया के साथ उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया भी थीं. सभा को मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री तुलसी सिलावट, महेन्द्र सिंह सिसौदिया, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी और प्रियदर्शिनी राजे ने भी सम्बोधित किया. प्रियदर्शिनी राजे ने एक कविता भी पढ़ी.

इससे पूर्व सिंधिया ने विधायकों और सैंकड़ों समर्थकों के साथ गुना से शिवपुरी तक लगभग 100 किमी तक लम्बा रोड शो किया. आमसभा में उन्होंने मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पांच साल पहले वह शिवपुरी आए थे और तब उन्होंने यहां की जनता को पेयजल उपलब्ध कराने का वादा करते हुए भाजपा को जिताने की अपील की थी. सिंधिया ने मोदी पर तंज कसते हुए कहा, पांच साल हो गए प्रधान सेवक जी, 5 साल में जनता को पानी नहीं मिला. उन्होंने कहा कि तब मैंने संकल्प लिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर छह माह में ही शिवपुरी की जनता को पानी पिलाएंगे और मैंने यह काम चार माह में ही पूरा कर दिया.

BJP-कांग्रेस दोनों के लिए मुश्किल है मध्यप्रदेश, बागी बिगाड़ सकते हैं खेल

सिंधिया ने स्वयं को ‘कामदार' बताते हुए कहा, मोदी जी मैं आपको इस बार शिवपुरी में बुलाता हूं आइए शिवपुरी में और देखिए एक तरफ कामदार है और दूसरी तरफ मोदी जी आप नामदार हैं. सिंधिया वर्ष 2002 से गुना शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं. इस सीट पर 12 मई को मतदान होना है.

मध्यप्रदेश की भोपाल संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने शनिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. कांग्रेस नेता जवाहर पंजाबी ने बताया, ‘‘हमारे वरिष्ठ नेता दिग्विजय जी ने दोपहर सवा दो बजे यहां अपना नामांकन पत्र जमा कर दिया है.'' इस सीट पर उनका मुख्य मुकाबला भाजपा की कट्टर हिन्दूवादी नेता साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से है.

VIDEO : कमलनाथ और नकुलनाथ ने किया नामांकन दाखिल

प्रज्ञा बहुचर्चित मालेगांव बम धमाकों की आरोपी है और वर्तमान में जमानत पर हैं. इस सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है और पिछले 30 साल से इस सीट पर भाजपा का कब्जा है. कांग्रेस ने अपने दिग्गज नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय को इस सीट से उतारा है, ताकि भाजपा के गढ़ में सेंध लगाई जा सके. भोपाल संसदीय सीट पर 12 मई को मतदान होना है.
(इनपुट भाषा से भी)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LoksabhaPolls2019, Jyotiraditya Scindia, Digvijay Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com