विज्ञापन

दिल्ली में मणिपुर की लड़की से मारपीट मामले में 4 नाबालिग आरोपी गिरफ्तार, 3 छोड़ चुके पढ़ाई

युवती के मुताबिक उस समय पार्क में 15–16 साल के कुछ लड़के मौजूद थे, जिन्होंने उस पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां करना शुरू कर दिया. जब उसने इसका विरोध किया तो लड़के भड़क गए और उससे झगड़ा करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान लड़कों ने युवती के साथ मारपीट की और उनमें से एक ने कमर की बेल्ट से उस पर हमला कर दिया.

दिल्ली में मणिपुर की लड़की से मारपीट मामले में 4 नाबालिग आरोपी गिरफ्तार, 3 छोड़ चुके पढ़ाई
दिल्ली में मणिपुर की लड़की के साथ मारपीट.
नई दिल्ली:

तमाम सख्ती के बाद भी नॉथ-ईस्ट के लोगों के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटनाएं रुक नहीं रही है. ताजा मामला दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर से सामने आया है. जहां मणिपुर की युवती से मारपीट की गई. मारपीट की शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और जांच-पड़ताल के बाद  4 नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया. इस 4 आरोपियों में से 3 पढ़ाई छोड़ चुके हैं. एक सातवीं का छात्र है. पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी नाबालिग हैं और इलाके में ही रहते हैं.

सतपुड़ा पार्क मालवीय नगर में हुई थी मारपीट

पुलिस को इस घटना की जानकारी उस समय मिली जब सतपुड़ा पार्क, मालवीय नगर में झगड़े की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली. सूचना मिलते ही मालवीय नगर थाने के एसएचओ अपनी टीम और पीसीआर स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे. वहां उन्हें घायल युवती मिली, जिसने बताया कि वह अपने एक दोस्त से मिलने के लिए इलाके में आई थी.

पहले आपत्तिजनक टिप्पणी की, विरोध पर पीटा

युवती के मुताबिक उस समय पार्क में 15–16 साल के कुछ लड़के मौजूद थे, जिन्होंने उस पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां करना शुरू कर दिया. जब उसने इसका विरोध किया तो लड़के भड़क गए और उससे झगड़ा करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान लड़कों ने युवती के साथ मारपीट की और उनमें से एक ने कमर की बेल्ट से उस पर हमला कर दिया.

लड़की के चेहरे और कान के पास आई चोटें

मारपीट में युवती को चेहरे और कान के पास हल्की चोटें आईं. उसे तुरंत मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में कान के पीछे हल्की चोट और ठोड़ी के पास सूजन और खरोंच पाई गई. एहतियात के तौर पर बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल भी रेफर किया गया, जहां उसका विस्तृत मेडिकल परीक्षण किया गया और उपचार दिया गया.

पीड़िता की शिकायत पर बनाई गई स्पेशल टीम

पीड़िता के बयान के आधार पर मालवीय नगर थाने में 9 मार्च 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ विनय यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. साथ ही स्पेशल स्टाफ की टीम को भी जांच और आरोपियों की तलाश में लगाया गया.

सीसीटीवी फुटेज की जांच से चारों आरोपी पकड़े गए

पुलिस टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से कई जगहों पर छापेमारी की. इसके बाद चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया. पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी नाबालिग हैं, जिनमें से तीन स्कूल छोड़ चुके हैं जबकि एक सातवीं कक्षा में पढ़ता है.

जुवेनाइल जस्टिस कानून के हो रही कार्रवाई

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बेल्ट भी बरामद कर ली है. फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस कानून के तहत पेश किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस लगातार पीड़िता के संपर्क में रही और उसे हर संभव मदद दी.

यह भी पढ़ें - गंदे कमेंट का किया विरोध, दिल्ली में मणिपुर की लड़की पर हो गया हमला, गले-कान पर वार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com