विज्ञापन

दोनों हाथ में तमंचे, गली में गाली-गलौज... मामूली बात पर हुआ विवाद तो युवक ने की फायरिंग; दिल्ली का Video वायरल

दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में मामूली सी बात पर गोली चलने की खबर है. बताया जा रहा है कि गाड़ी रिवर्स करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद एक युवक ने फायरिंग कर दी.

दोनों हाथ में तमंचे, गली में गाली-गलौज... मामूली बात पर हुआ विवाद तो युवक ने की फायरिंग; दिल्ली का Video वायरल
इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है.
  • दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में कार रिवर्स करने को लेकर बाइक सवार युवक ने फायरिंग की घटना हुई
  • फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन गाड़ियों के शीशे टूटने से इलाके में दहशत फैल गई
  • पुलिस ने घटना की सूचना पर मौके का मुआयना किया और पीड़ित अरविंद कुमार पांडेय का बयान दर्ज किया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि सड़क पर कार रिवर्स करने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद एक बाइक सवार युवक ने कथित तौर पर देसी कट्टे से फायरिंग कर दी. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

पुलिस के मुताबिक 4 मार्च को भलस्वा डेयरी थाने को सूचना मिली कि मुकुंदपुर-2 की गली नंबर 6 में 20 फुटा रोड के पास एक शख्स ने हवाई फायरिंग की है और वहां खड़ी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कॉल करने वाले अरविंद कुमार पांडेय से मुलाकात की.

किस बात पर हो गया था विवाद?

अरविंद कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 4 बजकर 50 मिनट पर जब वह अपनी कार को रिवर्स कर रहे थे, तभी उसी गली में एक मोटरसाइकिल सवार से उनका विवाद हो गया. इसके बाद वह बाइक सवार कुछ देर बाद वापस आया और उसके हाथ में देसी कट्टा था.

आरोप है कि बाइक सवार ने अरविंद पांडेय पर फायरिंग की. हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गए. इसके बाद आरोपी ने गली में खड़ी दो कारों के शीशे पत्थर मारकर तोड़ दिए और मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्पेशलाइज्ड टीमों ने मौके का मुआयना किया, लेकिन वहां से कोई खाली कारतूस बरामद नहीं हुआ. फिलहाल पुलिस ने पीड़ित के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर भलस्वा डेयरी थाने में FIR दर्ज कर ली है. यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 321(2), 324(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 27/54/59 के तहत दर्ज किया गया है.

आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनीं

पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी व मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com