- दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था.
- दिल्ली की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को मध्यम श्रेणी में रही और 24 घंटे का औसत एक्यूआई 189 रिकॉर्ड किया गया.
- रिज इलाका शुक्रवार को दिल्ली का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
Delhi Weather Update: दिल्ली में शुक्रवार को गर्मी में थोड़ी कमी आई और अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है. लेकिन बीते कुछ दिनों के मुकाबले आज का पारा कम रहा. वहीं, शहर की वायु गुणवत्ता सुधरकर 'मध्यम' श्रेणी में आ गई तथा एक्यूआई 186 रहा. दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. लेकिन शुक्रवार को तापमान में थोड़ी गिरावट आई. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.6 रिकॉर्ड किया गया. जिससे शहरवासियों को थोड़ी राहत मिली.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह गर्म मौसम के साथ शुरू हुई, जहां न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक और इस वर्ष का उच्चतम तापमान है.
दिल्ली का रिज इलाका शुक्रवार को रहा सबसे गर्म
स्टेशनवार आंकड़ों से पता चला कि रिज में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था, इसके बाद लोधी रोड में 33 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था.
आयानगर में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था, और पालम में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था.
शनिवार को भी साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए आंशिक रूप से साफ आसमान का पूर्वानुमान जताया है तथा अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
एक्यूआई 189 किया गया रिकॉर्ड
वायु गुणवत्ता की बात करें तो, शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 189 रहा. सीपीसीबी शून्य से 50 के एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' के रूप में वर्गीकृत करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं