- दिल्ली पुलिस ने बवाना मर्डर केस में फरार दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया
- गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार कारतूस, छह खाली खोखे और एक चोरी की बाइक बरामद हुई
- आरोपी मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे के खिलाफ हत्या की कोशिश, लूट, डकैती समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं
बाहरी उत्तरी दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बवाना इलाके में फरवरी में हुए मर्डर केस में फरार चल रहे दो और आरोपियों को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा. करीब एक महीने बाद दिल्ली पुलिस को मामले में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग भी हुई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए. उनके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार कारतूस और एक चोरी की बाइक बरामद की गई है.
ये भी पढ़ें- कारोबारी से रंगदारी वसूलने आए थे डॉन प्रिंस खान के गुर्गे, पुलिस ने एनकाउंटर में मारी गोली
दिनदहाड़े फायरिंग में हुई थी कारोबारी की मौत
दरअसल, 9 फरवरी 2026 को बवाना इलाके के DSIIDC सेक्टर-4 में एक फैक्ट्री के सामने दिनदहाड़े फायरिंग हुई थी. इस हमले में कारोबारी वैभव गांधी की गोली लगने से मौत हो गई थी.इस मामले में बवाना थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. पुलिस को सूचना मिली थी कि इस वारदात में शामिल दो आरोपी देर रात इलाके से गुजरने वाले हैं. इसके बाद आउटर नॉर्थ जिले के डीसीपी हर्षेश्वर स्वामी के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम ने शाहबाद डेयरी इलाके में जाल बिछाया. जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, उन्होंने पुलिस टीम पर करीब छह राउंड फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में पांच राउंड फायर किए, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए और मौके पर ही काबू कर लिए गए.

AI फोटो.
पुलिस ने आरोपियों को ऐसे धर दबोचा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान (40) और ऐश्वर्य पांडे (37) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद इरफान का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या की कोशिश, लूट, डकैती, चोरी और स्नैचिंग जैसे करीब 40 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 32 दिल्ली और 8 उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं. वहीं ऐश्वर्य पांडे पर हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 5 मामले दर्ज हैं. मुठभेड़ के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए रोहिणी के डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. मौके पर पहुंची क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच कर सबूत जुटाए हैं. इस मामले में शाहबाद डेयरी थाने में अलग से भी केस दर्ज किया गया है.
दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, छह खाली खोखे बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, छह खाली खोखे, दो हेलमेट और एक चोरी की बाइक बरामद की है. जांच में सामने आया है कि बरामद बाइक एसपी बदली इलाके से चोरी की गई थी. इस मर्डर केस में पुलिस पहले ही अरुण उर्फ पागल, संदीप उर्फ पुजारी, संजय उर्फ ताऊ उर्फ अजय, रविंदर उर्फ रवि और हरीश कुमार उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर चुकी है.संजय को इस वारदात का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और इस वारदात के पीछे की साजिश की गहराई से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं