- दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र में स्थित डीआरडीओ कॉम्प्लेक्स के रेजिडेंशियल एरिया में चोरी की घटना हुई है
- चोरी की घटना में महिला वैज्ञानिक के घर से जेवर, घड़ियां और लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया है
- महिला वैज्ञानिक परिवार से मिलने चंडीगढ़ गई थी, उसी दौरान चोरों ने खाली घर में सेंधमारी की है
दिल्ली के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले डीआरडीओ कॉम्प्लेक्स के अंदर बने रेजिडेंशियल एरिया में चोरी की घटना सामने आई है. यहां एक महिला वैज्ञानिक के घर चोरों ने लाखों का सामान पार कर दिया. महिला अपने परिवार से मिलने चंडीगढ़ गई थी,उसी दौरान चोरों ने खाली घर में धावा बोलकर जेवर, घड़ियां और अन्य महंगे सामान गायब मिले. महिला डीआरडीओ में साइंटिस्ट है.
सूने घर में लाखों का सामान पार
डीआरडीओ का ये कॉम्प्लेक्स दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र में है. यह दिल्ली का बेहद सुरक्षित रेजिडेंशियल कॉम्पलेक्स माना जाता है पर महिला वैज्ञानिक के घर हुई इस चोरी ने सुरक्षा पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. DRDO में ही वैज्ञानिक महिला के सूने घर में सेंधमारों ने घर में लाखों रुपये की ज्वैलरी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. महिला जब घर लौटी तो अंदर सब अस्त-व्यस्त नजारा देख उनके भी होश उड़ गए.

घर से क्या-क्या चोरी हो गया?
महिला वैज्ञानिक ने जो जानकारी पुलिस को दी है उसके अनुसार, चोरों ने कथित तौर पर लगभग 45 से 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.तिमारपुर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, चोरों ने डीआरडीओ कॉम्प्लेक्स के 'राम नारायण साइंटिस्ट हॉस्टल' में स्थित घर के तीन दरवाजों के ताले और एक अलमारी को तोड़ दिया. शिकायतकर्ता सीमा मील वर्तमान में चंडीगढ़ में तैनात हैं. उन्हें पड़ोसियों ने ताले टूटे हुए देखने के बाद इस चोरी की जानकारी दी थी. पुलिस ने बताया कि चोरी गए सामान में करीब 280 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के गहने, विदेशी मुद्रा और नकदी शामिल हैं.एक फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
शिकायत के मुताबिक, चोरी हुए सामान में 15,000 रुपये नकद, विदेशी मुद्रा (जिसमें 20 पाउंड और 50 दिरहाम शामिल हैं), झुमकों के साथ एक सोने का नेकलेस सेट, छह सोने की चूड़ियां, सात सोने की चेन, पांच सोने की अंगूठियां, चार जोड़ी कान के झुमके, लड़कियों की दो चूड़ियाँ और सोने की एक नथ शामिल है.इसके अलावा चांदी के सामान में दो जोड़ी पायल और 20 ग्राम चांदी के सिक्के भी चोरी हो गए. साथ ही तीन कलाई घड़ियां (दो डेनियल क्लेन और एक टाइमेक्स) भी गायब हैं.
शिकायतकर्ता ने चोरी हुए गहनों और अन्य कीमती सामान की कुल कीमत लगभग 45 से 50 लाख रुपये बताई है. पुलिस ने परिवार का बयान दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं. अधिकारी आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी खंगाल रहे हैं. इस घटना से डीआरडीओ आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है, और कई लोग सरकारी हाउसिंग कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने की मांग कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में भीषण आग, 25 दमकल गाड़ियां बुझाने में जुटीं, खाली कराई आसपास की कंपनियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं