- दिल्ली पुलिस ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर टिल्लू ताजपुरिया गैंग के मुख्य शूटर आकाश उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया
- बिट्टू पर दिल्ली के बवाना में 19 मार्च को हुई ब्लाइंड मर्डर वारदात में चार लोगों को गोली मारने का आरोप है
- इस वारदात में टिल्लू गैंग और गोगी गैंग के बीच हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई घायल हुए थे
दिल्ली के एक ब्लाइंड मर्डर के में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बिहार पुलिस के साथ जॉइंट ऑपरेशन में दिल्ली पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के एक शूटर को धर दबोचा है. टिल्लू ताजपुरिया गैंग का मुख्य शूटर आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी को बिहार के बेगूसराय जिले से गिरफ्तार किया गया है. बता दें कि बिट्टू दिल्ली के नांगल ठकरान का रहने वाला है. उसकी उम्र महज 20 साल है. इतनी सी उम्र में वह टिल्लू गैंग का मुख्य शूटर बन बैठा.
टिल्लू ताजपुरिया गैंग का शूटर गिरफ्तार
बाहरी उत्तरी दिल्ली जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने बिहार पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में शूटर को धर दबोचा. बिट्टू 19 मार्च 2026 को दिल्ली के बवाना के हरेवली गांव के रवि भारद्वाज की सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस में शामिल था. इस वारदात में 4 लोगों को गोली लगी थी. पुलिस के मुताबिक इस वारदात का मुख्य शूटर बिट्टू है. वह लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस उसे लगातार ढूढ़ रही थी.

ये भी पढ़ें- दिल्ली के बवाना में टिल्लू ताजपुरिया और गोगी गैंग के बीच गैंगवार, तीन को मारी गोली, एक की मौत
बवाना गैंगवार मामले में आरोपी है टिल्लू गैंग का बिट्टू
शूटर बिट्टू अब पुलिस की गिरफ्त में है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. मामले में आगे की जांच जारी है. बता दें कि हाल ही में दिल्ली के बवाना में एक परिवार के 3 लोगों और एक राहगीर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी. इस शूटआउट में गोगी गैंग से जुड़े एक शख्स रवि भारद्वाज की मौत हो गई थी. फायरिंग का आरोप टिल्लू गैंग पर था. जिसके बाद कार्रवाई कर पुलिस ने टिल्लू गैंग के मुख्य शूटर बिट्टू को बिहार के बेगूसराय से गिरफ्तार किया है.
बवाना में 3 बाइक सवारों ने बरसाई थीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार तीन बदमाश कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए. दिल्ली पुलिस पुलिस ने इस हमले के पीछे टिल्लू गैंग का हाथ होने का शक जताया था. हालांकि, टिल्लू ताजपुरिया और गोगी दोनों ही पहले की गैंगवॉर में मारे जा चुके हैं, लेकिन उनके गैंग के सदस्य अब भी एक-दूसरे को निशाना बनाते रहते हैं.
चार लोगों को लगी थी गोली, एक की मौत
बदमाशों ने एक घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए थे. हमले में एक शख्स की मौत हो गई थी. जबकि उसके पिता की हालत गंभीर थी. फायरिंग में एक 10 साल के बच्चे के पैर में भी गोली लगी, वहीं घर के बाहर खड़े एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी थी. शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार का बताया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं