- आकृति सुतार की शादी के 72 दिन बाद मौत पर मां ने ससुरालवालों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं
- आकृति के पति अरस्तु सिक्का को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, उस पर हत्या का आरोप लगाया गया है
- मां का आरोप है कि शादी के बाद आकृति पर नौकरी छोड़ने और बच्चे पैदा करने का दबाव बनाया जा रहा था
आए दिन न जानें कितनी बेटियां दहेज की भेंट चढ़ रही हैं. ट्विशा, दीपिका, विशाखा और अब आकृति. शादी के महज 72 दिन बाद 28 साल की आकृति की मौत पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. आकृति की मां का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई है. हत्या का आरोप उन्होंने आकृति के पति और अपने दामाद अरस्तु सिक्का पर लगाया है. हालांकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया है. उन्होंने कई हैरान करने वाले आरोप पुलिस को दी शिकायत में लगाए हैं. इस मामले ने एक बार फिर से ट्विशा शर्मा मामले की याद दिला दी, जहां उसकी सास गिरिबाला सिंह का आरोप था कि प्रेग्नेंट होने के बाद भी वह बच्चा नहीं चाहती थी. आकृति के मामले में शादी के कुछ ही दिनों बाद उस पर बच्चे के लिए दबाव बनाया जा रहा था.
बेटी नौकरी करे, ससुरालवाले नहीं चाहते थे
आकृति की मां अनु सुतार ने पुलिस के सामने खुलासा किया है कि बेटी का पति और ससुरालवाले नहीं चाहते थे कि वह नौकरी करे. जबकि उसने शादी से पहले ही इस बात की परमिशन उन लोगों से ले ली थी. परिवार चाहता था कि उनकी नई शादीशुदा बेटी पर नौकरी छोड़ दे और बच्चा पैदा करे. उसे शादी के बाद से ही दहेज में 20 लाख रुपये लाने के लिए परेशान किया जा रहा था. अरस्तु ने उसके चरित्र पर भी सवाल उठाए और बेल्ट से उसकी पिटाई की थी.
शादी होते ही बदले पति के रंग
आकृति की मां के मुताबिक, उसने शादी से पहले अपने ससुरालवालों को बताया था कि उसका भाई दीपू काफी छोटा है इसलिए वह नौकरी कर परिवार को सपोर्ट करना चाहती है. वे लोग इसके लिए सहमत थे तभी आकृति ने अपनी स्कूल फ्रेंड अगस्तिका के भाई अरस्तु से शादी की थी. लेकिन शादी होते ही उनके रंग बदल गए.
बच्चा पैदा करने का बना रहे थे दबाव
ससुरालवाले चाहते थे कि आकृति नौकरी पर वापस न लौटे बल्कि बच्चे पैदा करने पर अपना ध्यान लगाए. 24 अप्रैल 2026 को अरस्तु से शादी के बाद वह 4 जुलाई को ही पहले दिन नौकरी पर वापस लौटी थी. उसने दोस्तों को शादी की पार्टी भी दी थी और उसी दिन उसकी मौत हो गई.
जिस दिन नौकरी पर लौटी, उसी दिन मौत
आकृति छतरपुर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी. उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त अगस्तिका के भाई अरस्तु सिक्का से 24 अप्रैल, 2026 को शादी की थी. शादी के बाद 4 जुलाई 2026 को वह नौकरी पर पहले दिन गई थी, उसी दिन उसकी मौत हो गई. वह लोधी कॉलोनी इलाके में एक बिल्डिंग से नीचे गिरी हुई मिली.
काम छोड़ने को किया गया मजबूर
आकृति की मां ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि छतरपुर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करने वाली बेटी ने शादी के बाद जब नौकरी पर जॉइन करने की कोशिश की तो उस पर इसे छोड़ने का जबाव बनाया गया. जब उसने काम जारी रखने की रिक्वेस्ट ससुरालवालों से की तो उन्होंने नौकरी और घरेलू कामकाज के बीच मुश्किलें खड़ी करने की कोशिश की, ताकि वह मजबूर होकर काम छोड़ दे.
मायके आने पर भी टॉर्चर करते थे
अनु सुतार का आरोप है कि आकृति अगर अपने मायके आती थी या फिर उनको फोन करती थी तो भी उसे बुरा-भला कहा जाता था. उसका पति और ननद उसे प्रेग्नेंट होने के लिए भी मजबूर कर रहे थे. उसे इसके लिए फिजिकली और मेंटली बहुत ज्यादा टॉर्चर किया जा रहा था. बता दें कि पुलिस ने आकृति की मौत के मामले में उसके पति अरस्तु को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, पुष्प विहार की रहने वाली आकृति शनिवार को पालिका कुंज के एनडीएमसी फ्लैट्स के बी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गई थी. इलाज के लिए उसे तुरंत एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसकी शादी 24 अप्रैल को स्कूल फ्रेंड अगस्तिका के भाई अरस्तु सिक्का से हुई थी. शुरुआती जांच में आकृति के बाएं हाथ और पैर पर चोटें मिली हैं, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि ये चोटें गिरने की वजह से लगीं या कथित हमले की वजह से.
ये भी पढ़ें-दो महीने पहले शादी, फिर मौत, पति अरेस्ट.. दिल्ली की आकृति सुतार केस में कब क्या हुआ जानें बड़े अपडेट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं