विज्ञापन

Illegal Weapon Racket: क्या दिल्ली को दहलाने की चल रही है साजिश, 17 अवैध हथियार और 106 कारतूस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

Delhi Illegal Weapons News: दिल्ली की रोहिणी जिले के बुध विहार थाने की टीम ने गोगी गैंग और दिनेश कराला गैंग से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 17 अवैध हथियार और 106 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

Illegal Weapon Racket: क्या दिल्ली को दहलाने की चल रही है साजिश, 17 अवैध हथियार और 106 कारतूस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
17 अवैध हथियार और 106 कारतूस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
Dinesh Singh Senger
  • दिल्ली पुलिस ने गोगी व दिनेश कराला गैंग से जुड़े 5 आरोपियों को 17 अवैध हथियार व106 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया
  • गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ऑस्ट्रिया, इटली और तुर्की की विदेशी पिस्टल भी बरामद हुई हैं
  • सुरेंद्र उर्फ काला इस हथियार सप्लाई नेटवर्क का मुख्य सप्लायर है, जो पहले से जेल में बंद है

Delhi Illegal Weapon Racket: लाल किला आतंकी हमले से अभी दिल्ली उभरा भी नहीं है कि एक बार फिर दिल्ली में 17 अवैध हथियार और 106 जिंदा कारतूसों के साथ पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. दरअसल, रोहिणी जिले के बुध विहार थाने की टीम ने गोगी गैंग और दिनेश कराला गैंग से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 17 अवैध हथियार और 106 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. खास बात ये है कि बरामद हथियारों में विदेशी पिस्टल भी शामिल हैं, जिनमें ऑस्ट्रिया की ग्लॉक, इटली की बेरेटा और तुर्की की जोराकी पिस्टल शामिल हैं.

पुलिस को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों की सप्लाई हो रही है, जिसके बाद एक स्पेशल टीम बनाकर इस नेटवर्क पर काम शुरू किया गया. इस दौरान जांच में सबसे पहले राहुल माथुर उर्फ डोगरा को पकड़ा गया, जो गैंग का फाइनेंसर और बड़ा खिलाड़ी माना जा रहा है. पुलिस को देखते ही उसने अपनी महिंद्रा थार गाड़ी से गलत दिशा में भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसे दबोच लिया. उसके पास से 4 हथियार बरामद हुए. पूछताछ में उसके साथी कुणाल उर्फ कुकू और आदित्य उर्फ बॉबी का नाम सामने आया, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से भी अवैध हथियार मिले.

दिल्ली से हापुड़ तक फैला है जाल

जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर सुरेंद्र उर्फ काला है, जो पहले से ही आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है. पुलिस ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट लेकर उसे इस केस में गिरफ्तार किया. सुरेंद्र की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के उदयपुर गांव में छापेमारी की गई, जहां से इकबाल नाम के एक आरोपी को पकड़ा गया. उसके घर से भी करीब 5 अवैध हथियार और 21 कारतूस बरामद हुए.

पुलिस के मुताबिक, ये सभी आरोपी दिनेश कराला उर्फ गोगी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और गैंगवार में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए अवैध हथियार इकट्ठा कर रहे थे. ये लोग सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करके युवाओं को गैंग में शामिल होने के लिए भी उकसाते थे. इसके अलावा ये गिरोह दिल्ली के बाहरी इलाकों में रंगदारी और जमीन कब्जाने जैसे अपराधों में भी शामिल है और हरियाणा के गैंगस्टर्स से इनके लिंक भी सामने आए हैं. पुलिस का कहना है कि सुरेंद्र काला पिछले 4-5 साल में सैकड़ों हथियार सप्लाई कर चुका है और यही इस पूरे नेटवर्क की रीढ़ है. फिलहाल, पुलिस इस गिरोह के बाकी लिंक खंगाल रही है और आगे भी छापेमारी जारी है, ताकि पूरे हथियार सप्लाई नेटवर्क को खत्म किया जा सके. इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि गैंगस्टर्स और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. 

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
Associate Editor - Crime & Investigation
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Illegal Weapons News, Delhi Illegal Weapon Racket, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com