विज्ञापन
This Article is From Apr 16, 2020

Coronavirus लॉकडाउन : दिल्ली में खाना मंगवाना पड़ा महंगा, डिलीवरीब्वॉय निकला कोरोना +ve, 72 परिवार हुए क्वारैन्टाइन

साउथ दिल्ली इलाके में एक 19 साल के फूड डिलीवरी बॉय के कोरोना पॉजिटिव होने से हड़कंप मच गया है. उसने 12 अप्रैल तक लोगों के घरों में जाकर डिलीवरी की है.

Coronavirus लॉकडाउन : दिल्ली में खाना मंगवाना पड़ा महंगा, डिलीवरीब्वॉय निकला कोरोना +ve, 72 परिवार हुए क्वारैन्टाइन
दिल्ली में अब तक कोरोना के 1500 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. (सांकेतिक तस्वीर)
  • दिल्ली में कोरोना के 1500 से ज्यादा मामले
  • निजामुद्दीन मरकज से जुड़े हैं 1080 मामले
  • राजधानी दिल्ली के 40 मरीज हुए हैं ठीक
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोनावायरस (Coronavirus in Delhi) से दो मरीजों की मौत हो गई और 17 इसके संक्रमण के शिकार हुए हैं. साउथ दिल्ली इलाके में एक 19 साल के फूड डिलीवरी बॉय के कोरोना पॉजिटिव होने से हड़कंप मच गया है. उसने 12 अप्रैल तक लोगों के घरों में जाकर डिलीवरी की हैं. पिछले 15 दिनों में वह दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 72 परिवारों को उनके घर जाकर खाना डिलीवर कर चुका है. सभी परिवारों को उनके घरों में क्वारंटाइन किया गया है और स्वास्थ्य विभाग उनपर निगरानी रख रहा है.

युवक को RML अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहां उसका इलाज चल रहा है. साउथ दिल्ली के जिलाधिकारी बीएम मिश्रा ने इसकी तस्दीक की है. कोरोना पॉजिटिव डिलीवरी बॉय ने हौज खास, मालवीय नगर, सावित्री नगर व इसके आसपास के इलाकों में डिलीवरी की थीं. प्रशासन ने इस मामले के खुलासे के बाद 20 डिलीवरी बॉयज़ को छतरपुर स्थित क्वारंटाइन सेंटर में रखा है.

यह सभी कोरोना संक्रमित डिलीवरी बॉय के संपर्क में आए थे. संक्रमित युवक की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है. प्रशासन को अंदेशा है कि साउथ दिल्ली इलाके में किसी संक्रमित शख्स के संपर्क में आने से वह संक्रमित हुआ है. प्रशासन पता लगा रहा है कि किस घर में डिलीवरी के दौरान वह इस संक्रमण की चपेट में आया. इस मामले के सामने आने के बाद अब दिल्ली सरकार सभी सर्विस देने वालों का रैपिड कोरोना टेस्ट करवाएगी.

बताते चलें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में COVID-19 से अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है और 1578 इससे संक्रमित हैं. इनमें मरकज से जुड़े 1080 मामले शामिल हैं. पिछले 24 घंटे में एक भी नया मामला मरकज से जुड़ा हुआ सामने नहीं आया है. बीते 24 घंटे में दिल्ली में 10 लोग ठीक हुए हैं और अब तक 40 लोग ठीक हो चुके हैं. देशभर में कोरोना के अब तक 12,380 मामले सामने आए हैं और 414 लोगों की मौत हो चुकी है.

VIDEO: दिल्ली सरकार ने होटलों में बनाया पेड क्वारंटाइन सेंटर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com