विज्ञापन

नोएडा में घर के बाहर से मोबाइल स्नैचिंग CCTV में कैद, पुलिस बोली- हमारी गाड़ियां उनका मुकाबला नहीं कर पातीं

नोएडा के सेक्टर-22 में दो बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन छीन लिया. पीड़ित ने बदमाशों का पीछा भी किया और पुलिस से मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए.

नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग की घटना का सीसीटीवी वीडियो
NDTV
  • नोएडा में एक पत्रकार से सरेराह मोबाइल फोन झपटने की वारदात हुई, बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया
  • घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है जिसमें मोबाइल छिनने और पीछा किए जाने की पूरी घटना कैद है
  • स्थानीय पुलिस ने बताया कि सिग्नल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं, उन्होंने अपने संसाधनों की कमी भी जताई
नोएडा (यूपी):

दिल्ली से सटे हाईटेक शहर नोएडा की सुरक्षा व्यवस्था और 'स्मार्ट पुलिसिंग' के दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है. नोएडा के सेक्टर-22 (सी ब्लॉक) में रात के समय टहलते हुए फोन पर बात कर रहे एक पत्रकार से बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह मोबाइल झपट लिया. युवक ने दौड़कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश भी की. लेकिन वो तेज बाइक से फरार हो गए. यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई. इसका वीडियो भी सामने आया है.

घर के बाहर से हुई स्नैचिंग

जानकारी के अनुसार, मोबाइल स्नैचिंग की यह वारदात नोएडा के सेक्टर-22 के एक पत्रकार के साथ हुई. वे सेक्टर-22 में सी ब्लॉक में रहते हैं. जहां वो रात करीब 9.30 बजे अपने घर के बाहर ही फोन पर बात कर रहे थे. तभी पीछे से दो बाइक सवार बदमाश आए और उनका फोन झपटकर फरार हो गए. उन्होंने थोड़ी दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दोनों बदमाश पल भर में छू मंतर हो गए.

इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि युवक अपने घर के बाहर फोन पर बात कर रहा है, तभी दो बाइक सवार आते हैं और मोबाइल झपटकर तेजी से निकल जाते हैं. युवक दौड़कर बदमाशों का पीछा करता हुआ भी दिख रहा है.

सिग्नल पर CCTV भी खराब

युवक ने बताया कि एक दूसरी बाइक से लिफ्ट लेकर पीछा करने के बाद कुछ दूर आगे चेक पोस्ट पर दो पुलिस वाले दिखे. लेकिन बाइक सवार का हुलिया बताने के बाद, जब उनसे उन दोनों बदमाशों के बारे में पूछा तो उन्होंने ऐसे किसी भी बाइक सवार को देखने की बात से इनकार किया. हालांकि वो ड्यूटी पर थे और सिग्नल पर बीच सड़क पर खड़े थे. वहीं सिग्नल पर लगे सीसीटीवी के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि ये खराब हैं, काम नहीं करते हैं.

पुलिस वालों ने इस दौरान अपनी बेबसी भी जताई. उनका कहना था कि हमारे पास ऐसी गाड़ियां हैं, जो उनकी गाड़ियों की रफ्तार को मैच नहीं कर सकतीं, कि हम उनका पीछा कर के पकड़ सकें. वो अपनी गाड़ियों को तेज चलाने को लेकर मोडिफाई भी कर लेते हैं, जबकि हमारी गाड़ियों की समय पर सर्विसिंग तक नहीं होती. ऐसे में हम उनका मुकाबला कैसे कर सकते हैं.

मौके पर उन्होंने थोड़ी देर सांत्वना के शब्द खर्च किए और फिर एक पेपर और पेन पकड़ा दिया कि आप इस पर लिखकर अपनी शिकायत दे दें, हम आगे की कार्रवाई करेंगे. इसके बाद पत्रकार ने अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई और कानून के दरवाजे से मायूस लौट गया.

यह भी पढ़ें: कल्याण के होटल में पार्टी पर रेड: 65 लोग हिरासत में, ड्रग्स के एंगल की जांच, 7 आयोजकों पर FIR दर्ज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Police, Mobile Snatch Incident, Mobile Snatched, Mobile Snatchers, Mobile Snatcher
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com