विज्ञापन

कौन हैं DU स्टूडेंट आकृति चौधरी? जिन पर यूपी पुलिस ने लगाया NSA, अब DM की सैलरी से मिलेगा हर्जाना

Akriti Chaudhary NSA: आकृति चौधरी को कुछ महीने पहले नोएडा में हुए मजदूरों के प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद उनके खिलाफ NSA लगाया गया. अब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इसे हटा दिया है.

कौन हैं DU स्टूडेंट आकृति चौधरी? जिन पर यूपी पुलिस ने लगाया NSA, अब DM की सैलरी से मिलेगा हर्जाना
आकृति चौधरी को यूपी पुलिस ने किया था गिरफ्तार

नोएडा के मजदूर प्रदर्शन के बाद यूपी पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था, इनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वालीं आकृति चौधरी भी शामिल थीं. उन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पूरी प्लानिंग की और हिंसा भड़काने में अहम रोल निभाया, इस आरोप के चलते यूपी पुलिस ने आकृति के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) भी लगा दिया. अब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने NSA को रद्द करते हुए नोएडा की डीएम मेधा रूपम समेत तमाम अधिकारियों को फटकार लगाई है. इतना ही नहीं, इसके लिए जिम्मेदार तमाम अधिकारियों को हर्जाने के तौर पर पांच लाख रुपये भी देने होंगे. आइए जानते हैं कि आकृति चौधरी कौन हैं और वो दिल्ली में किस चीज की पढ़ाई कर रही हैं. 

कौन हैं आकृति चौधरी?

आकृति चौधरी की उम्र 25 साल है और उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के दौलत राम कॉलेज से हिस्ट्री में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है, जिसके बाद डीयू से ही वो कानून की पढ़ाई कर रही हैं. आकृति पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की रहने वाली हैं. वो अपने कॉलेज के दिनों से ही छात्र एक्टिविस्ट के तौर पर भी काम करने लगीं. इसके बाद कुछ महीने पहले जब नोएडा में 40 हजार से ज्यादा मजदूर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे तो आकृति का नाम इसमें सामने आया. 

हाईकोर्ट से मिली राहत

नोएडा पुलिस ने इस विरोध प्रदर्शन को लेकर आकृति को गिरफ्तार किया था और इसके बाद उन पर NSA भी लगा दिया गया. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पाया कि आकृति के खिलाफ NSA लगाने से पहले ऐसे कोई सबूत नहीं मिले थे, जिसे लेकर कोर्ट ने नाराजगी जताई और नोएडा की डीएम मेधा रूपम को लेकर कड़ी टिप्पणी भी कर दी. हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि आकृति को हर्जाने के तौर पर पांच लाख रुपये दिए जाएं और ये पूरा पैसा SHO से लेकर डीएम तक सभी जिम्मेदार अधिकारियों की सैलरी से काटा जाए. 

पुलिस ने क्या लगाया था आरोप?

यूपी पुलिस ने आकृति की गिरफ्तारी के बाद आरोप लगाया था कि उन्होंने मजदूरों को भड़काने और हिंसा की साजिश रचने में मुख्य भूमिका निभाई थी. पुलिस का आरोप था कि आकृति 'मजदूर बिगुल दस्ता' से जुड़ी थीं और सोशल मीडिया के जरिए हिंसा भड़काने की रणनीति तैयार कर रही थीं. इसी के आधार पर मई 2026 में उन पर NSA लगाया गया. हालांकि पुलिस कोर्ट में ये साबित नहीं कर पाई कि आकृति ने भीड़ को हिंसा, पथराव या तोड़फोड़ के लिए उकसाया था. साथ ही हिंसा होने के दो दिन पहले ही आकृति को हिरासत में ले लिया गया था. 

ये भी पढे़ं - AIR-1 इशिता किशोर से लेकर संजीव चोपड़ा तक, SRCC से पढ़कर IAS बनने वालों की लिस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akriti Chaudhary, NSA Action, UP Police, Medha Roopam, Noida DM Medha Roopam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com