राजधानी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां के प्रिंस होटल में एक 28 वर्षीय युवती की चाकू मारकर बेदर्दी से हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. आरोपी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार की रहने वाली 28 वर्षीय युवती अपने साथी प्रकाश सिंह (29 वर्ष) के साथ बुधवार को दोपहर करीब 3:30 बजे लाहौरी गेट स्थित प्रिंस होटल पहुंची थी.
प्रकाश सिंह राजस्थान का रहने वाला है. दोनों होटल के एक कमरे में ठहरे हुए थे. सुबह 5:15 बजे पुलिस को होटल स्टाफ के जरिए घटना की सूचना मिली. होटल कर्मचारियों ने कमरे में कुछ असामान्य गतिविधि महसूस की और जांच करने पर पाया कि युवती खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि युवक बेसुध हालत में था.
चाकू मारकर ली जान, खुद खा लिया जहर
सूचना मिलते ही लाहौरी गेट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. कमरे का दृश्य देखकर हर कोई दंग रह गया. शिवानी के शरीर पर चाकू के कई वार किए गए थे और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. वहीं, आरोपी प्रकाश सिंह पास ही पड़ा था, जिसने हत्या के बाद खुद भी जहर खा लिया था. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रकाश सिंह को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना की जानकारी दोनों के परिजनों को दे दी है. युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौके पर फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं. शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग या आपस में हुए गंभीर विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.
पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और होटल स्टाफ से पूछताछ कर रही है कि इस दौरान कमरे के बाहर कोई आया-गया तो नहीं. पुलिस का कहना है कि आरोपी प्रकाश सिंह के होश में आने के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली कैंट में थार का कहर! बाइक सवार दंपति को कुचला, हरियाणा का कार ड्राइवर गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं