- ग्रेटर नोएडा के एक महंगे फ्लैट की बालकनी की छत रात के समय अचानक गिर गई, जिससे सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं
- फ्लैट में रहने वाली महिला ने सोशल मीडिया पर छत गिरने का वीडियो साझा कर अपनी चिंता व्यक्त की
- महिला ने बताया कि गिरा हुआ कंक्रीट इतना कमजोर था कि उसे हाथ से आसानी से तोड़ा जा सकता था
दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य बड़े शहरों में फ्लैट इतने ज्यादा महंगे हो गए हैं कि खरीदना मुश्किल हो रहा है. इनमें रहने के लिए किराया भी काफी वसूला जा रहा है. इतने महंगे फ्लैट में रहने वालों को अगर सुरक्षा का डर सताने लगे तो क्या इनमें रहना सही है? ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्यों कि ग्रेटर नोएडा के एक महंगे फ्लैट के बालकनी की छत रात के समय अचानक गिर पड़ी. इस घटना ने बड़े शहरों में महंगे फ्लैटों की सुरक्षा के साथ ही इसके मटेरियल क्वालिटी की पोल खोलकर रख दी है.
फ्लैट में रहने वाली महिला ने सोशल मीडिया पर छत गिरने का वीडियो शेयर करते हुए अपनी आपबीती और डर लोगों के साथ शेयर किया है. इसके बाद फ्लैट मटेरियल की क्वालिटी को लेकर बहस छिड़ गई है. सोनम नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि यह घटना रात करीब 2 बजे हुई. उस वक्त वह अपने कमरे में थीं. तेज आवाज सुनते ही वह बालकनी की ओर दौड़ीं. गेट खोलने पर देखा कि कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े फर्श पर बिखरे पड़े थे.
रात में अचानक गिर पड़ी बालकनी की छत
सोनम ने अपने वीडियो में यह भी दिखाया कि गिरा हुआ कंक्रीट इतना कमजोर था कि उसे हाथ से आसानी से टूट रहा था. उन्होंने सवाल उठाया कि 1 करोड़ रुपये की कीमत वाले और 28,000 रुपये महीने के किराए वाले फ्लैट में इतनी घटिया सामग्री का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है.
1 करोड़ के फ्लैट की ऐसी मजबूती?
सोनम ने कहा कि वह अक्सर रात में अपनी बालकनी पर खड़ी रहती हैं. अगर छत गिरने के समय भी वह वहां पर मौजूद होतीं तो क्या होता. उनको गंभीर चोट लग सकती थी. उन्होंने कहा, "अगर मैं यहां रात को खड़ी होती, मेरी आदत है बालकनी में खड़े होने की, क्या यह सुरक्षित है? ये दे रहे हैं 1 करोड़ में?" अब सोशल मीडिया पर कई लोग महिला से सोसायटी का नाम पूछ रहे हैं. दरअसल महिला ने सोसायटी का नाम नहीं बताया है.
ये भी पढ़ें- वकील पति ने पत्नी के जानकारों पर ठोक दिए 80 मुकदमे, SC ने लड़ाई को बताया महाभारत, 5 करोड़ देने का आदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं