विज्ञापन
This Article is From Nov 27, 2017

अंडे के पैसे मांगने पर तीन युवकों ने कर्मचारी की चाकू से गोदकर हत्या की

दिल्ली के आदर्श नगर में हुई वारदात, पुलिस ने छह घंटे में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया

अंडे के पैसे मांगने पर तीन युवकों ने कर्मचारी की चाकू से गोदकर हत्या की
प्रतीकात्मक फोटो.
नई दिल्ली: दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में अंडे का पेमेंट मांगने पर एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

शनिवार की रात करीब 10 बजे तीन लड़कों ने राजोरी गार्डन एसडीएम ऑफिस में तैनात सिविल डिफेंस कर्मचारी गोविंद की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. गोविंद आदर्श नगर थाना इलाके के लाल बाग का रहने वाला था. आदर्श नगर थाना पुलिस ने हत्या के तीनों आरोपियों को महज छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया. हमलावरों ने गोविंद के एक साथी को भी चाकू मारकर घायल कर दिया था जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

यह भी पढ़ें : दिल्ली: चाकू से गोदकर की युवक की हत्या, स्कूली ड्रेस में थे कई लड़के

गोविंद लाल बाग एरिया में पेट्रोल पंप के पास गली में टहल रहा था. तभी कुछ लड़के एक अंडे की रेहड़ी वाले से पेमेंट को लेकर लड़ाई करते दिखे जो कि नशे में धुत थे. दुकानदार ने गोविंद से कहा कि इन लड़कों ने उबले हुए अंडे खाए हैं और अब में पैसे मांग रहा हूं तो मुझसे झगड़ा कर रहे हैं. गोविंद ने दुकानदार को बचाने की कोशिश की ओर उन लड़कों से अंडे के पैसे देने को कहा. इस पर युवकों ने गोविंद पर भी हमला कर दिया. गोविंद की छाती पर कई चाकू लगे. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

गोविंद पर हमले के दौरान जब उसको उसके दो और साथी बचाने आए तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया. उसमें से एक व्यक्ति के पेट में चाकू लगा. उसका इलाज चल रहा है

VIDEO : गोलगप्पे नहीं खिलाने पर हत्या


पुलिस की मानें तो गोविंद का इन तीनों युवकों से पहले भी झगड़ा हुआ था. ये तीनों हमलावर आए दिन इलाके में इसी तरह लोगों को डरा धमका कर परेशान करते थे. इसकी कई बार पुलिस को भी शिकायत की गई थी. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इन तीनो आरोपियों पर पहले का कोई अपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com