दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर के होटल में लगी आग मामले में कुक केशव नेगी को गिरफ्तार किया है. इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी. अधिकारियों ने बताया कि केशव की लापरवाही के कारण ही होटल में आग फैली थी.
पुलिस ने बताया कि कई और अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है. उन सभी से पुलिस सवाल-जवाब कर रही है. फ्लोरिश स्टेज बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल आग में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. होटल के मालिक लवकेश बजाज को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था.
पुलिस सूत्रों ने बताया शुरुआत जांच से पता चलता है कि कुक केशव नेगी की लापरवाही के कारण आग तेजी से फैली है. जांचकर्ता अब पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं. पुलिस होटल स्टाफ और इस प्रॉपर्टी से जुड़े लोगों से भी पूछताछ में जुटी है.
हादसे वाली जगह से जान बचाकर केशव भाग गया था. कुक ने हादसे के बाद NDTV को बताया था कि कि किचन में जैसे ही इलेक्ट्रिक चूल्हा जलाया बूम की आवाज के साथ आग चारों तरफ फैल गई थी और वो किसी तरह बचकर भागे थे.
पुलिस की जांच में अब पता चला है कि इलेक्ट्रिक चूल्हे में आग लगने के बाद केशव नेगी ने स्विच ऑफ कर दिया था. होटल का मुख्य स्विच बंद कर देने की वजह से इलेक्ट्रिक दरवाजे लॉक हो गए थे और एक पति-पत्नी की बाथरूम में जान चली गई थी. इसी कारण कई अन्य लोग भी बाहर नहीं निकल पाए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं