Judge Suicide in Delhi: दिल्ली में जिस जज अमन शर्मा ने खुदकुशी की है उनकी पत्नी खुद एक न्यायिक अधिकारी हैं. इसके अलावा उनकी साली आईएएस (IAS) अफसर हैं. पुलिस अभी यह समझ नहीं पा रही है कि पूरा परिवार इतना पढ़ा-लिखा है तो आखिर ऐसा क्या हुआ कि अमन शर्मा को आत्महत्या करनी पड़ी. पुलिस खुदकुशी करने की वजह का पता लगाने के लिए मामले को हर एंगल से खंगाल रही है.
जज की पत्नी भी न्यायिक अधिकारी, साली आईएएस अफसर
पुलिस ने बताया कि अमन शर्मा ग्रीन पार्क में अपनी पत्नी के साथ रहते थे. अमन शर्मा की पत्नी, जो एक न्यायिक अधिकारी हैं, पुलिस उनका बयान दर्ज कर रही है. पुलिस को जज की खुदकुशी की सूचना मृतक के बहनोई शिवम ने दी थी, जो डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं. वहीं, जज की पत्नी की बहन IAS अधिकारी हैं और जम्मू में तैनात हैं.
पिता ने बेटे और बहू को देखा झगड़ते
जज अमन कुमार शर्मा के एक रिश्तेदार ने बताया कि अमन ने आत्महत्या से एक दिन पहले करीब 10 बजे पिता को फोन कर कहा था कि वह बहुत परेशान है और जीना मुश्किल हो गया है. अमन का परिवार अलवर में रहता है तो पिता वहां से दिल्ली पहुंचे. ग्रीन पार्क स्थित बेटे के घर गए देखा कि तो बेटा और बहू में झगड़ा हो रहा है. इस दौरान बहू ने अमन के पिता को जाने के लिए कहा और नहीं जाने पर पुलिस बुलाने की धमकी दी थी.
जज के जीजा के पिता ने बताया कि अगली सुबह अमन के पिता ने अपनी बहू के माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया था. सुबह भी बेटे और बहू में कहासुनी हुई थी. जब अमन के पिता ने उनके फोन पर कॉल किया तो फ़ोन बाथरूम के अंदर बज रहा था. दरवाजा अंदर से बंद था. फिर एक गार्ड को बताया तो उसने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव पंखे से लटका मिला.
कड़कड़डूमा कोर्ट में थी तैनाती
जज अमन शर्मा (30) की दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव पद पर तैनाती थी. उन्होंने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में योगदान दिया था. उन्होंने पुणे स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से पढ़ाई की और वर्ष 2018 में बीए एलएलबी की डिग्री हासिल की.
अधिकारियों ने बताया है कि अब तक किसी भी तरह की गड़बड़ी या साजिश की बात सामने नहीं आई है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. इस संबंध में और अधिक विवरणों की प्रतीक्षा है. साथ ही घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को जब्त कर लिया है.
ये भी पढ़ें- पापा, जीना मुश्किल हो गया है... बेटे के फोन पर अलवर आए थे पिता, दिल्ली जज सुसाइड केस में पत्नी पर गंभीर आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं