दिल्ली में ज्वेलरी किटी स्कीम के नाम पर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले 24 वर्षीय अनिकेत वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के मुताबिक आरोपी ने अपने पिता नरेश कुमार वर्मा के साथ मिलकर ऐसी योजना चलाई, जिसमें लोगों को कम निवेश के बदले ज्यादा रकम या सोने-चांदी के आभूषण देने का वादा किया जाता था.
हर महीने 1000 रुपये जमा कराने की योजना
जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों से हर महीने 1000 रुपये जमा करवाते थे. बदले में 24 महीने पूरे होने पर 28 हजार रुपये या उसके बराबर कीमत के आभूषण देने का भरोसा दिया जाता था. इसी लालच में बड़ी संख्या में लोगों ने योजना में पैसा लगाया.
1200 से ज्यादा लोगों के साथ ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार पिता-पुत्र पिछले 10 से 12 वर्षों से ज्वेलरी किटी समितियां चला रहे थे. जांच एजेंसियों का मानना है कि इस दौरान करीब 1200 लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया. ठगी की रकम करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, हालांकि जांच जारी है और वास्तविक आंकड़ा इससे बड़ा भी हो सकता है.
शिकायतों के बाद खुला मामला
कई पीड़ितों की शिकायत पर 8 अक्टूबर 2025 को मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पीड़ितों से ऐसे हस्तलिखित रसीदें बरामद हुईं जिन पर आरोपियों के हस्ताक्षर थे. इन्हें महत्वपूर्ण सबूत माना जा रहा है. जांच में पता चला कि आरोपी अपनी संपत्तियां बेचकर दिल्ली से फरार हो गए थे. बाद में दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया. पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी परिवार सहित दुबई में रह रहे हैं.
सूरत एयरपोर्ट से गिरफ्तारी
आर्थिक अपराध शाखा को सूचना मिली कि अनिकेत वर्मा भारत आया है. इसके बाद 10 सितंबर को उसे सूरत एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया और 11 सितंबर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब दुबई में रह रहे उसके पिता नरेश कुमार वर्मा को पकड़ने की कोशिश कर रही है. मामले में धन के प्रवाह और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं