विज्ञापन
This Article is From Apr 19, 2020

Coronavirus पर बोले AIIMS के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया- अगले 5-7 दिनों पर बहुत कुछ निर्भर

AIIMS के डायरेक्टर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया (Randeep Guleria) ने कहा कि कोविड 19 (COVID-19) के बढ़ते मामलों को देखते हुए अगले 5 से 7 दिनों पर सब कुछ निर्भर है.

Coronavirus पर बोले AIIMS के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया- अगले 5-7 दिनों पर बहुत कुछ निर्भर
डॉक्टर रणदीप गुलेरिया दिल्ली स्थित AIIMS के डायरेक्टर हैं. (फाइल फोटो)
  • AIIMS के डायरेक्टर हैं डॉक्टर रणदीप गुलेरिया
  • देश में सामने आए कोरोनावायरस के 15712 मामले
  • भारत में अब तक 507 कोरोना संक्रमितों की हुई मौत
नई दिल्ली:

देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामलों में हर रोज इजाफा हो रहा है. सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र (Maharashtra COVID-19) से सामने आए हैं. यहां संक्रमितों की संख्या 3000 के पार हो चुकी है. राजधानी दिल्ली (Delhi Coronavirus) की बात करें तो यहां अभी तक 1893 लोग संक्रमित पाए गए हैं. पिछले 24 घंटों में 186 नए मामले सामने आए हैं और 134 मरीज ठीक हुए हैं. कोरोना को लेकर AIIMS के डायरेक्टर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया (Randeep Guleria) ने कहा कि कोविड 19 (COVID-19) के बढ़ते मामलों को देखते हुए अगले 5 से 7 दिनों पर सब कुछ निर्भर है.

डॉक्टर गुलेरिया ने कहा, 'कोरोना की वैक्सीन को लेकर ट्रायल चल रहे हैं. प्लाज्मा थेरेपी भी है. इसका कनेक्शन उन लोगों से है जो बीमारी से ठीक हो चुके हैं. प्लाज्मा थेरेपी का प्रयोग कई बीमारियों में होता है, इसमें इबोला भी शामिल है. इस थेरेपी के पीछे की वजह इस तरह समझिए कि अगर कोई कोरोना संक्रमित ठीक हुआ है तो वह अपने शरीर में मौजूद एंटीबॉडीज की वजह से ठीक हुआ है. एंटीबॉडीज ने वायरस को मात दी है. इसका मतलब है कि उसके शरीर में एंटीबॉडीज मौजूद हैं. एक बार जब संक्रमित व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ हो जाता है तो फिर हम उसका प्लाज्मा लेकर अन्य मरीजों को दे सकते हैं.'

उन्होंने आगे कहा, 'अगर इस तकनीक का इस्तेमाल करते हैं तो कोरोना संक्रमितों की संख्या घटेगी, लेकिन फिर भी कुछ हॉटस्पॉट रह सकते हैं. सभी चीजें कैसे काम करेंगी, ये सब आने वाले 5 से 7 दिनों पर निर्भर करता है. पिछले कुछ दिनों में देखा है कि हमने दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या को स्थिर रखा है. अगर हम इसे अगले 5 दिन या उससे आगे ऐसा ही रखने में कामयाब हुए तो मैं विश्वास से कहता हूं कि हम इस बीमारी को हराने में कुछ हद तक सफल हो जाएंगे.'

बताते चलें कि दुनिया के साथ-साथ भारत में भी कोरोनावायरस का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, 180 से ज्यादा देशों में फैल चुका यह वायरस अब तक एक लाख से ज्यादा जानें ले चुका है. दुनियाभर में 22 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं. भारत में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 15712 हो गई है. पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1334 नए मामले सामने आए हैं और 27 लोगों की मौत हुई है. देश में अभी तक 507 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि 2231 मरीज इस बीमारी को हराने में कामयाब भी हुए हैं. देश के सभी राज्यों से इसके मरीज सामने आ रहे हैं. केंद्र सरकार ने इससे बचाव के चलते ही देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी. जिसके बाद 14 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने देश की जनता को संबोधित करते हुए 19 दिनों के लिए लॉकडाउन को आगे बढ़ाए जाने की जानकारी दी. अब देश में लॉकडाउन 3 मई को खत्म होगा.

VIDEO: दिल्ली सरकार ने होटलों में बनाया पेड क्वारंटाइन सेंटर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AIIMS Chief Randeep Guleria, Coronavirus Delhi, Delhi Covid 19, Coronavirus, COVID 19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com