दिल्ली पुलिस ने शनिवार को चार साल के बेटे की हत्या के मामले में उसकी मां और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है. पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में रहने वाले आरोपी कोमल और रविकर लिव इन में रह रहे थे. कोमल को अपनी पहली शादी से एक 4 साल का बच्चा था जिसे वे दोनों ही नापसंद करते थे. इसके बाद दोनों ने मिलकर बच्चे की हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि पति को छोड़ने के बाद कोमल बच्चे को अपने साथ ले आई थी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हालांकि बच्चा अपनी मां के साथ रह रहा था लेकिन वह और रविकर दोनों उससे नफरत करते थे और आखिरकार उस व्यक्ति ने बच्चे की हत्या करने का फैसला किया.'
यह भी पढ़ें: राजस्थान में रेप का शिकार हुईं 3 नाबालिग बच्चियां, पिटाई से एक आरोपी की मौत
पुलिस अधिकारी के अनुसार, बच्चे को पहले रविकर ने बुरी तरह पीटा, सीढ़ियों से नीचे फेंका और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इस बात का खुलासा हुआ है कि बच्चे को मौत के घाट उतारने से पहले उसे बुरी तरह से पीटा गया था. पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्चे के साथ मारपीट की बात को स्वीकार किया है.
यह भी पढ़ें: भाभी का करना चाहता था रेप, नाकाम रहा तो काटा गला, चार साल के भतीजे को भी पंखे से लटकाया
पुलिस ने बताया कि एक पड़ोसी को जब दोनों पर शक हुआ तो इस घटना का पता चल सका. ये दोनों ही लोग अपने आस-पड़ोस में सभी से ये कहते फिर रह थे कि गलती से सीढ़ियों से नीचे गिरने के बाद उनके बच्चे की मौत हो गई. उन्होंने पड़ोसियों को यह भी बताया था कि पुलिस को सूचित कर दिया है और घटना की जांच की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं