विज्ञापन

31 साल पहले बच्चे को मारा, फिर कागजों में खुद का 'कत्ल, 'Ex मुस्लिम' सलीम वास्तिक के खूनी अतीत की पूरी दास्तां

खुद को 'एक्स मुस्लिम' कहने वाले चर्चित यूट्यूबर सलीम वास्तिक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के रिकॉर्ड और दुनिया की नजरों में वह बरसों पहले ही 'दम तोड़' चुका था, लेकिन इंटरनेट पर मिली नई पहचान ने ही उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

31 साल पहले बच्चे को मारा, फिर कागजों में खुद का 'कत्ल, 'Ex मुस्लिम' सलीम वास्तिक के खूनी अतीत की पूरी दास्तां

13 साल के बच्चे के कत्ल के इल्जाम में उम्रकैद की सजा काट रहे एक मुलजिम ने कागजों में खुद का ही 'कत्ल' कर दिया. पुलिस के रिकॉर्ड और दुनिया की नजरों में वह 'दम तोड़' चुका था, लेकिन इंटरनेट ने उसे जिंदा कर दिया. वह न सिर्फ जिंदा हुआ बल्कि यूट्यूब पर बैठकर लोगों को मजहबी कुरीतियों पर ज्ञान बांटने लगा. लेकिन इसी शोहरत ने उसे सलाखों तक पहुंचाने का रास्ता साफ कर दिया. शनिवार को पुलिस ने खुद को 'एक्स मुस्लिम' कहने वाले चर्चित यूट्यूबर सलीम वास्तिक को गिरफ्तार कर लिया. कैसे उसने 31 साल पहले बच्चे की हत्या की, उम्रकैद होने पर कैसे कानून की आंखों में धूल झोंककर नई पहचान ओढ़ ली, और अब किस तरह पुलिस ने उसे जेल पहुंचाया, पूरी कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है. 

बच्चे का अपहरण, फिरौती, फिर हत्या

साल था 1995. महीना जनवरी का. नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के एक सीमेंट कारोबारी सीताराम का 13 साल का बेटा संदीप बंसल घर से स्कूल के लिए निकला, लेकिन न स्कूल पहुंचा, न घर वापस लौटा. अगले दिन संदीप के पिता के पास फोन आया. 30 हजार रुपये दो, वरना बेटे को मार दिया जाएगा. फिरौती दी जाती, उससे पहले ही पुलिस को संदीप के स्कूल में मार्शल आर्ट्स टीचर सलीम खान पर शक हो गया. पुलिस ने उसे धर दबोचा. सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया. निशानदेही पर दिल्ली के मुस्तफाबाद में नाले से बच्चे की लाश भी बरामद हो गई. 

अदालत ने दी उम्रकैद की सजा

दिल्ली पुलिस के डीसीपी (क्राइम) संजीप यादव ने बताया कि बच्चे के अपहरण और हत्या के इस जुर्म में सलीम खान का एक जोड़ीदार भी था- अनिल. पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया. अनिल ने ही संदीप के पिता को फिरौती की कॉल की थी. दोनों के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा चला. दो साल बाद 1997 में दिल्ली की अदालत ने दोनों की हत्या का गुनहगार मानते हुए उम्रकैद की सजा सुना दी. 

Latest and Breaking News on NDTV

जमानत पर छूटा तो फिर नहीं लौटा

सजा काटते हुए तीन साल बीत चुके थे. साल 2000 में दिल्ली हाईकोर्ट ने सलीम खान की अंतरिम जमानत मंजूर कर ली. वह जेल से बाहर आया, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा. वह कानून की आंखों में धूल झोंककर गायब हो चुका था. इस बीच समय बीता और 2011 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उसकी उम्रकैद की सजा को कायम रखने का फैसला सुनाया. इस बीच सलीम खान ने अपनी मौत की फर्जी खबर फैला दी और सरकारी फाइलों में खुद को मरा हुआ घोषित करवा लिया. 

सलीम अहमद बनकर ओढ़ी नई पहचान

सलीम खान ने नई पहचान ओढ़ ली. पुलिस के मुताबिक, वह सलीम खान से सलीम अहमद (सलीम वास्तिक) बन गया. कई साल तक हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगह घूमता रहा. इस दौरान फर्नीचर कारीगर से लेकर कई तरह के काम किए. बाद में गाजियाबाद के लोनी में अपना मकान लेकर बीवी-बच्चों के साथ सेटल हो गया. यहां उसने दुकान खोली. महिलाओं के कपड़े और अन्य सामान बेचने लगा. 

सोशल मीडिया पर बना 'एक्स मुस्लिम'

सलीम खान उर्फ सलीम अहमद ने धीरे-धीरे इलाके में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी. लोग उसे सोशल एक्टिविस्ट के रूप में जानने लगे. फिर 2019 में उसने सलीम वास्तिक 0007 नाम से एक यूट्यूब चैनल खोला. इस पर वह खुद को 'एक्स मुस्लिम' कहकर इस्लाम की कुरीतियों के बारे में वीडियो बनाने लगा. देखते ही देखते उसकी फैन फॉलोइंग बढ़ने लगी. हजारों लोग उसके वीडियो देखने लगे. उसके सब्सक्राइबर्स की संख्या 62 हजार से अधिक हो गई. 

Saleem Wastik

जानलेवा हमले में बाल-बाल बची जान

इस्लाम के खिलाफ उसकी बातें कई लोगों को अच्छी लगीं तो कइयों को चुभने लगीं. फरवरी 2026 में दो लोग हेलमेट लगाकर लोनी में उसके दफ्तर में घुसे और उस पर चाकू और पेपर कटर से दनादन वार किए. गला चीरने की भी कोशिश हुई. करीब 4 मिनट तक वार करते रहे. भीड़ जुटने लगी तो दोनों फरार हो गए. बाद में पुलिस ने दोनों को धर दबोचा. उनकी पहचान अमरोहा निवासी जीशान और गुलफाम के रूप में हुई. दोनों सगे भाई थे. 

यूट्यूब से बॉलीवुड का सफर 

इधर सलीम वास्तिक अस्पताल में मौत से जूझ रहा था, उधर पुलिस ने हमलावर जीशान और गुलफाम का एनकाउंटर कर दिया. सलीम वास्तिक पर हमले के तार पाकिस्तान से भी जोड़े जाने लगे. एक पाकिस्तानी यूट्यूबर ने एक वीडियो जारी करके हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया. उसी ने सलीम के घर का पता सार्वजनिक किया था, जिसके बाद हमला हुआ. सलीम वास्तिक को खतरा बताते हुए उसे पुलिस सुरक्षा भी मुहैया कराई गई. बताया जाता है कि हाल ही में उसने एक बॉलीवुड फिल्म भी साइन की थी.

Latest and Breaking News on NDTV

शोहरत ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

इस्लामी कट्टरपंथियों के हमले ने सलीम वास्तिक को सुर्खियों में ला दिया. यही शोहरत उसके लिए मुसीबत बन गई. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक टिप मिली. बताया गया कि सलीम वास्तिक वही सलीम खान है, जिसने 1995 में संदीप बंसल नाम के बच्चे का मर्डर किया था और उम्रकैद काटते हुए फरार हो गया. खबर मिलते ही पुलिस के कान खड़े हो गए.

क्राइम ब्रांच ने पुरानी फाइल्स निकालकर खंगाली. सलीम वास्तिक पर सर्विलांस लगा दी. करीब दो हफ्ते तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी. उसके पुराने फोटो और फिंगरप्रिंट्स निकाले. सबूत ने साफ कर दिया कि सलीम वास्तिक ही सलीम खान है. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने लोनी पुलिस के साथ मिलकर शनिवार को रेड मारी और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया. 

देखें- एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार, कुछ दिनों पहले हुआ था जानलेवा हमला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com