विज्ञापन
This Article is From Jul 23, 2019

दिल्ली : कार में जा रही महिला प्रॉपर्टी डीलर पर गोलियां बरसाने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 40 किलोमीटर दूरी तक के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद आरोपियों को पकड़ लिया

दिल्ली : कार में जा रही महिला प्रॉपर्टी डीलर पर गोलियां बरसाने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों को पहचानकर गिरफ्तार कर लिया.
  • भागते हुए कपड़े बदलते रहे आरोपी
  • रास्ते में एक जगह बाइक भी बदली
  • भ्रमित करने के लिए मोबाइल पर बात करने का ढोंग किया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

दिल्ली के द्वारका इलाके में चलती कार में एक महिला पर फायरिंग कर उसे घायल करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने भाड़े के हत्यारों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने 40 किलोमीटर दूरी तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसमें कई जगहों पर आरोपी कपड़े बदलकर भागते नज़र आए थे.

पुलिस ने पांच आरोपियों चन्द्रप्रकाश उर्फ चिंटू ,गुलाब,पिंकू, गिरिराज सिंह तोमर और नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. दिल्ली पुलिस ने एक महिला की हत्या की कोशिश के आरोप में इन्हें गिरफ्तार किया है.

गत 11 जुलाई को किरण बाला नाम की महिला जब बच्चे को स्कूल छोड़कर घर जा रही थी तभी चलती कार में महिला पर बाइक से आए दो बदमाशों ने फायरिंग की थी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी.

पुलिस के मुताबिक घायल महिला प्रॉपर्टी डीलर है. उसकी दोस्ती एक दूसरे प्रॉपर्टी डीलर प्रेमचंद से हो गई थी और दोनों करीब आ गए थे. जब इस महिला के बारे में प्रेमचंद के घरवालों को पता चला तो घर में झगड़ा होने लगा. इसी के चलते प्रेमचंद ने दिसम्बर 2018 में आत्महत्या कर ली. इसी बात से नाराज़ प्रेमचंद के भतीजे चन्द्रप्रकाश ने महिला राजबाला को अपने घर की बर्बादी की जिम्मेदार मानते हुए उसकी हत्या करने की ठान ली.

दिल्लीः विकासपुरी में हुई प्रॉपर्टी डीलर के मर्डर की गुत्थी सुलझी, इस वजह से हुई हत्या

चन्द्रप्रकाश 2015 में हुई एक हत्या के मामले में जेल गया था. तब उसकी दोस्ती एक रेप केस के मामले में बंद गिरिराज सिंह तोमर से हुई. चन्द्रप्रकाश ने महिला की हत्या की सुपारी पांच लाख रुपये में अपने दोस्त गिरिराज को दे दी. इसमें से दो लाख रुपये पहली किस्त के तौर पर दे दिए. गिरिराज ने मेरठ के रहने वाले गुलाब से हथियार लिए और नरेंद्र ने मोटरसाइकिल की व्यवस्था की. इसके बाद गिरिराज और उसका दोस्त पिंकू बाइक पर सवार होकर आए और महिला पर चलती कार में फायरिंग की. महिला घायल हो गई और उसकी कार फुटपाथ से टकरा गई.

बदमाशों ने घर की घंटी बजाई, दरवाजा खोलते ही शख्स को बाहर घसीटा और मार दी गोली

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चकमा देने के लिए वारदात के बाद तीन जगहों पर कपड़े बदले और एक जगह बाइक बदली. यही नहीं, कुछ जगहों पर वे मोबाइल फोन पर बात करते नजर आए लेकिन हकीकत में वे बात नहीं कर रहे थे, क्योंकि मोबाइल सर्विलांस में ऐसा कुछ नहीं आया.

VIDEO : दिल्ली के भजनपुरा में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

पुलिस ने करीब 40 किलोमीटर के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे आरोपियों का सुराग मिला और वे दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके से पकड़े गए. पुलिस ने इनके पास से तीन पिस्तौल,15 कारतूस और दो बाइक बरामद की हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com