विज्ञापन
This Article is From Aug 10, 2017

बिहार के कारोबारी की यूपी के वाराणसी में गोली मारकर हत्या

आसीफ अपने मित्र अधिवक्ता अभिषेक सिंह के कैंट थाना अंतर्गत मकबुल आलम रोड स्थित मकान में सोये हुए थे उसी दौरान उन्हें गोली मार दी गयी.

बिहार के कारोबारी की यूपी के वाराणसी में गोली मारकर हत्या
प्रतीकात्मक फोटो
  • यूपी में कम नहीं हो रहे अपराध
  • वाराणसी में घर में सो रहे कारोबारी की हत्या
  • बिहार से मित्र के घर आए थे.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
वाराणसी: यूपी में नई सरकार के सत्ता में आने के साथ ही यह दावा किया जाने लगा था कि राज्य में अब कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हो जाएगा. लेकिन अभी तक राज्य में अपराधों की संख्या में कोई अमूलचूल बदलाव नहीं दिख रहा है. यूपी के वाराणसी में बुधवार रात बिहार के भभुआ निवासी विनिर्माण सामग्री कारोबारी आसिफ अंसारी (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आसीफ अपने मित्र अधिवक्ता अभिषेक सिंह के कैंट थाना अंतर्गत मकबुल आलम रोड स्थित मकान में सोये हुए थे उसी दौरान उन्हें गोली मार दी गयी.

बृहस्पतिवार की सुबह अभिषेक सिंह ने कैंट थाने में पूर्व के इनामी रहे अभिषेक सिंह हनी और विवेक सिंह कट्टा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है. अधिवक्ता का कहना है कि दोनों की उनसे पुरानी रंजिश है. इसी वजह से उनके घर में आए बदमाशों ने आसिफ को गोली मारी.

अभिषेक ने थाने में दी गई तहरीर में बताया है कि बुधवार की देर रात घर में घुसे बदमाशों ने कमरे का दरवाजा पीटना शुरू किया. जिस कमरे का दरवाजा पीटा जा रहा था उसमें वह और उनकी पत्नी थे. उन्होंने डर के कारण दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद बदमाश दूसरे कमरे में घुसे और आसिफ उर्फ पिंकू को सोते समय ही चार गोली मारी. अभिषेक ने बताया कि जब बदमाशों ने घर में दस्तक दी थी तो उन्होंने 100 नंबर पर फोन किया लेकिन पुलिस आधे घंटे के बाद पहुंची. अभिषेक ने 50 हजार रुपये के इनामी अभिषेक हनी और विवेक सिंह कट्टा को नामजद किया है.

यह भी पढ़ें : यूपी के आगरा में सिपाही को सड़क पर दो बाइक सवारों ने गोली मारी

घटना की जानकारी होने पर आसिफ के पिता मोहम्मद नसीम अंसारी भी पहुंचे. उन्होंने अधिवक्ता पर आसिफ की हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि आठ माह पूर्व आसिफ और अभिषेक की दोस्ती हुई थी. आसिफ व्यवसाय के सिलसिले में बनारस आता जाता रहता था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.


कैंट इंस्पेक्टर फरीद अहमद ने कहा कि अगर हनी और विवेक सिंह कट्टा को अधिवक्ता की हत्या करनी होती तो आसिफ को गोली क्यों मारते? अभी कुछ भी साफ नहीं है. मामले की जांच की जा रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com