Yashasvi Jaiswal Reply on incident with Asitha Fernando: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो के सिंहली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. इस पूरे मामले पर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमे यशस्वी जायसवाल का कमेंट दिख रहा जिसमे लिखा है, "अगर आपको नहीं पता कि उन्होंने क्या कहा, तो कृपया कोई राय न बनाएं. अगर कोई हद पार करता है, तो हमें उन्हें यह बताना होगा कि भारत लड़ेगा और जवाब देगा."

यह घटना 17वें ओवर में हुई, जब फर्नांडो ने जायसवाल से तीन चौके खाने के बाद आखिरी गेंद पर भारतीय ओपनर को आउट कर दिया. इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस हुई और वे आमने-सामने आ गए, जिसमें थोड़ा शारीरिक संपर्क भी हुआ, लेकिन फिर श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच-बचाव करके मामला शांत कराया.
दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, सितांशु कोटक ने कहा कि यह बहस शायद गेंदबाज़ द्वारा जोश में कही गई किसी बात की वजह से हुई थी, साथ ही उन्होंने यह भी माना कि जायसवाल को फर्नांडो के इतना करीब नहीं जाना चाहिए था. कोटक ने कहा, "मुझे लगता है कि गेंदबाज़ ने ज़रूर कुछ कहा होगा, और शायद यह जोश में कहा गया होगा. ज़ाहिर है, मुझे नहीं लगता कि जायसवाल को इतना करीब जाना चाहिए था, लेकिन जोश में ऐसी चीज़ें हो जाती हैं."
टेस्ट का पहला दिन भारतीय टीम के नाम रहा. भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 300 रन लगा लिए हैं. देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली. उन्होंने 193 गेंदों का सामना करते हुए 117 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके लगाए. वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने अर्धशतकीय पारी खेली. यशस्वी जायसवाल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 53 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं