BCCI President Mithun Manhas on Bangladesh T20 World Cup Participation: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास के अनुसार, बोर्ड का बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन से रिलीज करने का फैसला सिर्फ टूर्नामेंट तक ही सीमित है. भारत में वर्ल्ड कप मुकाबलों को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है. बता दें, बीसीसीआई अध्यक्ष का बयान ऐसे समय आया है, जब एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए वेन्यू चेंज करने की मांग की है.
बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने आईएएनएस को बताया,"बीसीसीआई ने पूरे विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया है. देवजीत सैकिया ने पहले ही मीडिया को इसकी जानकारी दी थी. यह फैसला सिर्फ आईपीएल से जुड़ा है. हमने अभी वर्ल्ड कप पर चर्चा नहीं की है. ऐसा होने के बाद हम जानकारी साझा करेंगे."
इससे पहले दिन में बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने बताया था कि बोर्ड ने 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 2026 आईपीएल के लिए अपनी टीम से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा है. केकेआर ने आईपीएल ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. हाल के दिनों में बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है. ऐसे में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपने साथ जोड़ने पर केकेआर और उसके मालिक शाहरुख खान को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.
इस खिलाड़ी ने साल 2016 में आईपीएल करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने शुरुआती दो सीजन सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की तरफ से खेले. इसके बाद मुंबई इंडियंस (एमआई) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के लिए एक-एक सीजन खेला. मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2022 और 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की ओर से खेलते नजर आए. इसके बाद उन्होंने आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेला, जबकि आईपीएल 2025 में एक बार फिर डीसी के लिए खेलते दिखे. इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल करियर में अब तक 60 मैच खेले हैं, जिसमें 28.44 की औसत के साथ 65 विकेट हासिल कर चुके हैं.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में होगा. बांग्लादेश की टीम 7, 9 और 14 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज, इटली और इंग्लैंड के खिलाफ मैच मुकाबले खेलेगी, जिसके बाद उसे 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल का सामना करना है.
यह भी पढ़ें: IPL से मुस्ताफ़िज़ुर रहमान की छुट्टी, किस लेफ़्ट आर्म पेसर से होगी KKR की भरपाई
यह भी पढ़ें: कोलकाता नाइट राइडर्स को कई वजहों से खटकेगा मुस्ताफ़िज़र रहमान का बाहर होना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं