Who Will Replace Hardik Pandya as MI Captain IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों अपने ही घर वानखेड़े में 103 रनों की शर्मनाक हार झेलने के बाद मुंबई इंडियंस (MI) के खेमे में हलचल तेज हो गई है. यह घरेलू मैदान पर मुंबई की अब तक की सबसे बड़ी हार है, जिसे टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने ने भी 'कड़वी हकीकत' के तौर पर स्वीकार किया है. जयवर्धने ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में माना कि आईपीएल 2026 सीजन के पहले हाफ में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम जिस तरह से बिखरती नजर आ रही है, उसने अब कप्तानी में बदलाव की बहस को जन्म दे दिया है. फैंस के बीच यह सवाल गूंजने लगा है कि क्या हार्दिक की जगह किसी नए चेहरे को कमान सौंपी जाएगी.
इस रेस में सबसे पहला और स्वाभाविक नाम रोहित शर्मा का है. रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में रिकॉर्ड 5 बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है. फैंस अब सोशल मीडिया पर 'रिटर्न ऑफ हिटमैन' की मांग कर रहे हैं, क्योंकि रोहित का अनुभव और दबाव में टीम को संभालने की कला ही मुंबई को इस संकट से बाहर निकाल सकती है.
हालांकि, कप्तानी के लिए सूर्यकुमार यादव (SKY) का दावा भी उतना ही मजबूत है. सूर्या फिलहाल टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े सितारे हैं और हाल ही में उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ऐतिहासिक खिताब जिताया है. उनकी लीडरशिप क्वालिटी और छोटे फॉर्मेट में शानदार विनिंग पर्सेंटेज उन्हें मुंबई के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाता है.
इन सबके बीच, न्यूजीलैंड के दिग्गज ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर का नाम एक 'गेम-चेंजर' के तौर पर उभर रहा है. सैंटनर ने अपनी रणनीतिक सूझबूझ का लोहा तब मनवाया जब उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल तक पहुंची थी. हालांकि मुंबई ने हमेशा भारतीय कप्तान पर ही दांव खेला है, लेकिन टीम के मौजूदा लचर प्रदर्शन को देखते हुए सैंटनर का शांत स्वभाव और गेम को पढ़ने की जबरदस्त कला मुंबई के लिए एक नया सवेरा ला सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं