बाएं हाथ के स्पिनर तन्मय बलोदा ने 41 रन देकर 8 विकेट लिए और मैच में कुल 14 विकेट चटकाए. उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत की अंडर-19 टीम ने बुधवार को दूसरे यूथ टेस्ट के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को 10 विकेट से हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली. तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट पर 86 रन से खेलना शुरू किया, लेकिन पूरी टीम सिर्फ 151 रन पर सिमट गई. इस तरह भारत को जीत के लिए सिर्फ 11 रन का लक्ष्य मिला, जिसे मेजबान टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया.
इससे पहले भारत ने अपनी एकमात्र पारी में 315 रन बनाए थे. ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 174 रन पर समेटने के बाद भारत को 141 रन की बढ़त मिली थी. लक्ष्य रायचंदानी ने स्पेंसर ग्रीन की गेंदों पर दो चौके लगाए और भारत ने पहले ओवर की सिर्फ पांच गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. इस तरह नरेंद्र मोदी स्टेडियम के 'बी' ग्राउंड पर भारत ने शानदार जीत दर्ज की.
दोनों पारियों में चटकाए 14 विकेट
भारतीय अंडर-19 टीम ने सीरीज 2-0 से जीतने के लिए अटैकिंग खेल दिखाया. इससे पहले टीम ने राजकोट में पहला यूथ टेस्ट एक पारी और 48 रन से जीता था. उससे पहले, भारत अंडर-19 ने टेस्ट सीरीज से ठीक पहले यूथ वनडे सीरीज में भी 3-0 से शानदार जीत हासिल की थी. दूसरे यूथ टेस्ट में बलोदा स्टार खिलाड़ी रहे. हरियाणा के इस स्पिनर ने दोनों पारियों में क्रमशः 32 रन देकर 6 और 41 रन देकर 8 विकेट लिए.
दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया पर बड़ी बढ़त हासिल करने के बाद, बलोदा ने उनकी दूसरी पारी में गिरे सभी चार विकेट लिए. तीसरे दिन उन्होंने अर्धशतक लगाने वाले ब्लेक कैटल (63) और एली ब्रेन (39) समेत चार और बल्लेबाजों को आउट किया. कैटल की पारी ने भारत को दूसरी पारी में फिर से बल्लेबाजी करने के लिए मजबूर किया. उन्होंने 108 गेंदों में 63 रन की जुझारू पारी खेली, जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल थे. तीसरे दिन प्रियांशु सिंह (25 रन देकर 2 विकेट) ने बलोदा का अच्छा साथ दिया. ऑस्ट्रेलिया ने 65 रन पर छह विकेट गंवा दिए और मैच हार गया.
19 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
टीम इंडिया के लिए अंडर-19 टेस्ट डेब्यू कर रहे तन्मय ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में 6/32 और दूसरी पारी में 8/41 विकेट लेकर मैच में कुल 14/73 विकेट झटके. ये यूथ टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के सर्वश्रेष्ठ मैच आंकड़े हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के टिम साउदी का 2007 में भारत के खिलाफ बनाया गया 12/92 का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
कौन हैं तन्मय बलोदा?
तन्मय बलोदा भारत के बाएं हाथ के ऑप स्पिनर हैं, हालांकि, वह भारतीय टीम में ऑलराउंडर के रूप में खेलते हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ एक मैच में 14 विकेट लेने से पहले 2 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 10 विकेट लिए थे. उन्होंने जनवरी 2026 में हरियाणा के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. तन्मय को रोहित यादव की जगह भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया है.
ये भी पढें- कौन हैं पाकिस्तान के करण-अर्जुन? T-20 और ODI स्क्वाड के ऐलान के बाद पूर्व दिग्गज ने खोली PCB की पोली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं