पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज और इंग्लैंड व श्रीलंका के साथ होने वाली वनडे ट्राई-सीरीज के लिए पाकिस्तान की पुरुष टीमों का ऐलान किया है. ओपनिंग बल्लेबाज साहिबजादा फरहान श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में पाकिस्तान की कप्तानी करेंगे. चौंकाने वाली बात ये है कि बाबर आजम को टीम से बाहर रखा है. इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने टीम के हालिया सिलेक्शन, पाकिस्तान के T20 सेटअप और सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य पर अपनी बेबाक राय रखी है.
अहमद शहजाद ने अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर कहा कि, 'टीमों का ऐलान हो चुका है. हमेशा की तरह, कुछ लोगों को फिर से छोड़ दिया गया है. कुछ लोग टीम में आ गए हैं, और अर्जुन को छोड़ दिया गया. मेरे करण-अर्जुन थे ना? तो करण वापस आ गया है और उन्होंने अर्जुन को नहीं रखा. हालांकि सोशल मीडिया पर जोरदार कैंपेन चल रहा था कि कप्तान वापसी कर रहे हैं. लेकिन करण वापस आ गया है, अर्जुन को टीम में शामिल नहीं किया है. जिसका मतलब है कि शादाब खान वापस आ गए हैं और बाबर आजम को टीम में जगह नहीं मिली है.
सिलेक्शन कमेटी पर जमकर बरसे पूर्व दिग्गज
पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने पीसीबी पर सवाल उठाते हुए कहा कि, 'T20 स्क्वाड में कप्तान साहिबजादा फरहान हैं. अगर आपको फरहान को कप्तान बनाना है, या अगर फरहान भविष्य में कप्तानी करने वाले हैं... तो यह कैसा कप्तान है? आप लोगों ने अंतरिम कप्तान नियुक्त कर-करके हर चीज का मजाक बना दिया है. शहजाद ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय चयनकर्ता आकिब जावेद का जिक्र करते हुए कहा कि, 'आप, आकिब जावेद साहब, है ना? या जो कोई भी हो... हमें तो यह भी नहीं पता कि इन्होंने इस्तीफा दिया है कि नहीं, आखिरकार उन्होंने टीम का ऐलान कर ही दिया!
सिलेक्शन कमेटी में कोई ट्रांसपेरेंसी नहीं
उन्होंने कहा कि, 'पाकिस्तान की सिलेक्शन कमेटी में कोई ट्रांसपेरेंसी नहीं है, जनता का कोई लिहाज नहीं है, और संस्था की गरिमा की कोई परवाह नहीं है. बस मनमानी और कामचलाऊ सिस्टम है. कोई लॉजिक नहीं है, बस चीजें जैसी चल रही हैं. अगर आप उसे (साहिबजादा फरहान ) कप्तान बना रहे हैं, तो उसे साफ-साफ कहें कि 'देखो, तुम दो साल के लिए कप्तान हो. अपनी टीम बनाओ. टीम पर अपनी राय दो.' 'टीम की प्लेइंग इलेवन के बारे में तुम्हारी क्या सोच है?' 'तुम किन खिलाड़ियों को खिलाना चाहते हो?' 'किन खिलाड़ियों को लाना या हटाना चाहते हो?' यहां ऐसा कुछ नहीं है, कप्तान को भी नहीं पता कि इस सीरीज के बाद वह रहेगा या नहीं. क्योंकि पहले से ही चर्चा है कि आप लोग, माइक हेसन, आप सब मिलकर - वही PSL वाला असर, वही लोग जिन्होंने माइक हेसन को पाकिस्तान का कोच बनाने में मदद की थी- वही लोग अब उसे कप्तान बनाने की कोशिश करेंगे.'
अब्दुल समद पर भी साधा निशाना
पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने टीम के अगले खिलाड़ी अब्दुल समद को लेकर कहा कि, 'समद का प्रदर्शन समझ से बाहर है. मुझे नहीं पता कि उन्होंने ऐसे कौन से प्रदर्शन किए कि उन्हें वो मौके मिले, जबकि पिछली सीरीज में वह उप-कप्तान थे. इस सीरीज में वह उप-कप्तान भी नहीं हैं. और अगली सीरीज में, जिस तरह से वह खेल रहे हैं, वह पूरी तरह से बाहर हो जाएंगे.
फखर जमान के चयन पर उठाए सवाल
फखर जमान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, 'T20 में खेलते हुए लगभग 10 साल हो गए हैं और उन्होंने T20 में अपने प्रदर्शन के साथ बिल्कुल भी न्याय नहीं किया है. फखर हमें जीत कब दिलाएंगे? कब तक, और 10 साल? तो मैं इंतजार करूंगा, कि वह T20 में कब प्रदर्शन करेंगे? इसीलिए हम कहते हैं कि जब तक आप PSL, इस पक्षपात और मेरिट सिस्टम का मजाक बनाना बंद नहीं करेंगे, आपकी टीम कभी आगे नहीं बढ़ पाएगी.'
दरअसल, टी20I सीरीज रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी और पहला मैच 9 अक्टूबर को होगा. दूसरा और तीसरा T20I मैच क्रमशः 11 और 13 अक्टूबर को खेला जाएगा. T20I सीरीज़ के बाद, पाकिस्तान इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ सात मैचों की ODI ट्राई-सीरीज़ में हिस्सा लेगा. शुरुआती तीन मैचों की मेज़बानी रावलपिंडी करेगा, जिसके बाद टूर्नामेंट बाकी लीग मैचों और फाइनल के लिए लाहौर चला जाएगा.
15 सदस्यीय T20I टीम:
साहिबज़ादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर ज़मान, हसन नवाज़, मुहम्मद इमरान रंधावा, ख्वाजा नाफे (विकेटकीपर), माज़ सदाकत, नसीम शाह, रज़ाउल्लाह, सैम अयूब, मोहम्मद सलमान मिर्ज़ा, शादाब खान और सूफियान मोकिम.
16 सदस्यीय ODI टीम:
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, सलमान अली आगा, अराफात मिन्हास, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फखर ज़मान, मुहम्मद गाज़ी गोरी (विकेटकीपर), हारिस रऊफ, हसन नवाज़, नसीम शाह, रज़ाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सैम अयूब, शादाब खान और सूफियान मोकिम.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं