- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी हार के बाद अभिषेक शर्मा और प्लेइंग XI को व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा
- पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने अभिषेक शर्मा को पहले सिंगल्स लेकर अपने खेल को संभालने की सलाह दी है
- मोहम्मद आमिर ने अभिषेक की तकनीक में सुधार की जरूरत और सही कॉम्बिनेशन की अहमियत पर जोर दिया
IND vs SA: सुपर-8 में टीम इंडिया की दक्षिण अफ़्रीका के हाथों बड़ी हार के बाद अभिषेक शर्मा और टीम इंडिया का प्लेइंग XI दोनों सबके निशाने पर हैं. बड़ी बात ये है कि दुनिया भर के ज़्यादातर क्रिकेटर्स की राय लगभग एक जैसी ही दिख रही है. STAR SPORTS 'Amul Cricket Live', शो में बात करते हुए पूर्व कप्तान और JioStar एक्सपर्ट दिग्गज सुनील गावस्कर ने कहा, “अभिषेक शर्मा अपनी पारी की पहली ही गेंद पर चौका या छक्का लगाने की कोशिश नहीं कर सकते, पहले उन्हें सिंगल्स के ज़रिये अपना खाता खोल लेना चाहिए.”
दिलेर क्रिकेटर है अभिषेक शर्मा
सरहद पार पाकिस्तान के स्टेडियो में चल रहे कई क्रिकेट शो में अभिषेक शर्मा और टीम इंडिया को लेकर हंगामा बरपा हुआ है. पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर्स टीम इंडिया के चयन, गौतम गंभीर और टीम कॉम्बिनेशन को सवाल उठाते देखे जा सकते हैं.
पाकिस्तानी टीवी पर चर्चित क्रिकेट शो ‘हारना मना है' में मो. आमिर कहते हैं, “मैंने उन्हें एक गेंदबाज़ की हैसियत से उन्हें स्लॉगर कहा जो लोगों को बुरा लगा. लेकिन मैं कहना चाहता था कि अभिषेक को अच्छी टीमें उनकी मौजूदा तकनीक पर फंसा सकती हैं. दक्षिण अफ़्रीका के खिलाफ़ भी अभिषेक ने 13-14 रन विकेट के एक ही साइड में बनाये हैं.”
ये भी पढ़ें- IND vs SA, T20 World Cup: अहमदाबाद में इन 5 वजहों से हारी टीम इंडिया, गावस्कर ने बताया कहां हुई चूक
मो. आमिर ये भी कहते हैं, “वो दिलेर प्लेयर तो है. तीन 0 के बाद भी उसका इंटेंट नहीं बदला. उसने ये नहीं किया कि बैकफुट पर खेलते हुए पहले अपने 14-15 रन बना ले. उसमें ये पॉज़िटिविटी है. अगर मेरी सलाह उस तक पहुंचती है और वो अगर अपनी तकनीक को थोड़ा ठीक कर ले या फिर जहां की गेंद है वहीं मारे तो ये ठीक हो जाएगा. अभिषेक के पास स्किल है उसका उसे इसे सही तरीके से इस्तेमाल करना होगा.”
पाकिस्तान क्रिकेटर गा रहे विराट की महानता के गीत
मो. आमिर ने ये भी कहा, “वर्ल्ड कप में पहली बार टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करते हुए एक्सपोज़ हो गई है. लोग ये भूल रहे हैं कि वर्ल्ड चैंपियन टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा होते थे जो सिचुएशन के हिसाब से मैच को निकालते थे.”
इसी शो में चेज़मास्टर विराट की महानता का भी ज़िक्र होता है और चर्चा होती है कि कैसे इंडिया ने तीन बार 150 प्लस के स्कोर का पीछा करते हुए जीत हासिल की जब कोहली ने 70, 82 और 82 की पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई.
‘राइट कॉम्बिनेशन नहीं होगा तो…
आमिर ने ये भी कहा, “टीम इंडिया पाकिस्तान की तरह ग़लती कर रही है कि तीन खब्बे (बांये हाथ के बैटर्स- अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और तिलक वर्मा) को भेज देती है. ऐसे में विपक्षी टीमें लेफ़्ट आर्म स्पिनर्स को लगाकर उन्हें काउंटर कर देती है. आपने अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को बाहर बिठा दिया और शिवम दुबे को खिला रहे हैं. रिंकू की बारी तो आती ही नहीं है.”
आमिर ज़ोर देकर कहते हैं, “आप चाहे जितनी बड़ी टीम हो, जबतक आप मैच में राइट कॉम्बिनेशन नहीं खिलाएंगे, बड़ी टीमें अक्सर आपको फंसा लेगी.”
‘बैटिंग पिच पर ज़्यादा गेंदबाज़ों की ज़रूरत'
पूर्व पाकिस्तानी ओपनर अहमद शाहज़ाद कहते हैं, “इन्होंने कुलदीप जैसे विकेट-टेकर गेंदबाज़ को बाहर बिठा दिया. वो तो बुमराह जैसे गेंदबाज़ ने विकेट लेकर थाम लिया वरना ये स्कोर 220 के पास होता.” शहज़ाद ये भी कहते हैं, “ये टीम (भारतीय टीम) वर्ल्ड कप की फेवरेट टीम है. इन्हें फिर से (प्लेइंग XI पर) विचार करने की ज़रूरत है.” पूर्व कप्तान राशिद लतीफ़ कहते हैं, “अहमदाबाद की बैटिंग पिच पर आपको बैटिंग पर ज़ोर देने के बजाए पूरी बॉलिंग यूनिट को उतारना चाहिए.”
अहमद शहज़ाद ये भी कहते हैं, “अगर इंडिया का कॉम्बिनेशन ठीक नहीं बना तो अभिषेक शर्मा पर बहुत ज़्यादा दबाव बढ़ जाएगा और कहीं उन्हें ड्रॉप ना करना पड़ जाए.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं