Vaibhav Suryavanshi Wicket by Mohsin Khan: आईपीएल 2025 में अपने करियर की पहली गेंद पर शार्दुल ठाकुर को छक्का और 2026 के मौजूदा सीज़न में जसप्रीत बुमराह जैसे जीनियस खिलाड़ी की पहली गेंद को छक्का जड़ने वाले किसी बैटर का बल्ला अगर किसी गेंदबाज़ के ख़िलाफ़ पूरे ओवर खामोश रहे और फिर उस गेंदबाज़ को वो अपना विकेट भी दे दे तो सबका हैरान होना लाज़िमी है. वैभव सूर्यवंशी का बल्ला लखनऊ टीम की शानदार गेंदबाज़ी के आगे नहीं चल सका.
ये भी पढ़ें- Mayank Yadav: मयंक यादव ने राजस्थान के खिलाफ मैच में इतनी स्पीड से गेंद फेंककर मचाई सनसनी
अबतक खले गए आईपीएल 2026 के 7 मैचों में बिहार के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अपनी स्ट्राइक रेट, पावरहिटिंग और शानदार शुरुआत की वजह से क्रिकेट सर्किट और फ़ैन्स की दुनिया में छाये हुए हैं. लेकिन 7 मैचों में 221 के स्ट्राइक रेट से 2 अर्द्धशतकों के सहारे 254 रन बनानेवाले वैभव लखनऊ के ख़िलाफ़ अपनी 7वीं पारी में 11गेंदों पर 8 रन ही बना सके, सिर्फ़ 73 के स्ट्राइक रेट से 2 चौकों के सहारे. ग़ौर करने की बात ये भी है कि सिक्स-मास्टर वैभव इस पारी में कोई छक्का भी नहीं लगा सके.

वैभव को क्यों बदलनी पड़ी रणनीति?
लखनऊ के ख़िलाफ़ मेज़बान टीम के ही इकाना स्टेडियम के मैच में वैभव सूर्यवंशी ने दिल्ली के 25 साल के टैलेंटेड पेसर प्रिंस यादव को दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार दो चौके जड़े. लेकिन उसके बाद वैभव का बल्ला 8 गेंदों तक खामोश रहा. दरअसल तीसरे ओवर में सुपर टैलेंटेड मो. शमी ने लगातार दो गेंदों पर यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल के दो अहम विकेट झटके और राजस्थान की टीम बैकफुट पर आ गई. वैभव ने रणनीतिक तरीके से संभलकर खेलना शुरू किया. लेकिन इस बार उनका ये स्टाइल उनके या उनकी टीम के काम नहीं आया.
मैच के चौथे ओवर में 6 फुट 3 इंच के बांये हाथ के पेसर मोहसिन ख़ान ने वैभव का अपने स्पीड से इम्तिहान लेना शुरू कर दिया. चौथे ओवर में मोहसिन ख़ान ने कम से कम तीन गेंदें 140+ किमी/ घंटा के स्पीड से गेंदबाज़ी की. मोहसिन ने अपने ओवर की आख़िरी गेंद भी 142 किमी/घंटा के स्पीड से एक फुलर लेंथ की गेंद डाली. वैभव ने एक लंबा शॉट खेलने की कोशिश की मगर दिग्वेश राठी ने वैभव का शानदार कैच लेकर उनकी पारी पर सवाल खड़े कर दिये.
वैभव के शिकारी मोहसिन का चयनकर्ताओं को संदेश
टीम इंडिया के दिग्गज पेसर मो. शमी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से ही चयनकर्ताओं को मैदान और मैदान के बाहर से संदेश देते रहे हैं. उत्तर प्रदेश के संभल के 27 साल के छह फ़ुट से लंबे बांये हाथ के फ़ास्ट बॉलर ने भी टीम इंडिया के लिए दस्तक दे रहे हैं. लखनऊ ने उन्हें 2026 के ऑक्शन में 4 करोड़ की रकम के साथ रिटेन किया और वो एकदम फ़िट नज़र आ रहे हैं.
आईपीएल के अपने पहले साल 2022 में उन्होंने 6 से कम की इक़नमी रखते हुए (5.96 की इकॉनमी) 14 विकेट झटके थे और वर्ल्ड कप की टीम के लिए मज़बूत दावेदार माने जा रहे थे. मोहसिन पावरप्ले और डेथ ओवर में अपने वैरिएशंस के लिए भी जाने जाते हैं. लिस्ट में 27 रन देकर उन्होंने 6 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी बनाया है. राजस्थान के ख़िलाफ़ पहले तीन ओवर में उन्होंने सिर्फ़ 11 रन देकर 3.66 की इक़नमी के साथ वैभव सूर्यवंशी और शिमरन हेटमायर के विकेट अपने नाम किये. स्पीड किंग संभल एक्सप्रेस ने राजस्थान के ख़िलाफ़ 4 ओवरों में मोहसिन ख़ान ने 17 रन देकर 4.25 की इकॉनमी के साथ 2 विकेट हासिल किये और इस तरह अबतक खेले गए इस सीज़न के 3 मैचों में उनके नाम कुल 4 विकेट हो गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं