भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) कई मायनों में अर्जेन्टीनी फुटबॉल के पूर्व वर्ल्ड कप कप्तान डिएगो माराडोना (Diego Maradona) की तरह नजर आते हैं. टीम इंडिया के लिए दो वर्ल्ड कप खिताब, दो चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब, अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब, आईपीएल का खिताब, टेस्ट और वनडे में बतौर कप्तान और बतौर खिलाड़ी बेशुमार कामयाबी, वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 54 और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 85 शतकों जैसे गिनती से ज्यादा अविश्वसनीय रिकॉर्ड के बावजूद विराट कोहली कई बार सवालों के बवंडर के बीच घिरते दिखाई देते हैं. विराट भी इन सबका सामना वैसे ही करते हैं जैसे दुनिया भर के दिग्गज करते आए हैं- और वो है उनके अपने गेम और अपने आर्ट (अपनी कला) के प्रति प्यार.
दिल से विराट
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए एक पॉडकास्ट के दौरान दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली ने मशहूर क्रिकेट एंकर मयंती लैंगर से दिल खोलकर बातें की हैं. विराट ने इस बातचीत में क्रिकेट को लेकर अपनी सोच, अपने जीने और सोचने के तरीके और अपने क्रिकेट और जीवन-दर्शन को लेकर विस्तार से बातें की हैं. इसी बातचीत के दौरान एंकर मयंती लैंगर उनसे 2027 वर्ल्ड कप को लेकर सवाल करती हैं. विराट ने इसपर भी खुलकर अपनी राय रखी है.
‘क्या मैं 2027 का वर्ल्ड कप खेलूंगा?'
मयंती लैंगर विराट से कहती हैं कि 2027 वर्ल्ड कप का एक सवाल ऐसा है जो हर कोई उनसे पूछना चाहेगा? इस सवाल पर विराट कोहली कहते हैं, 'इस पर मेरी सोच बिल्कुल साफ है. अगर मैं जिस वातावरण (टीम) का हिस्सा हूं उसमें कोई वैल्यु ला सकता हूं और अगर वातावरण को भी लगता है कि मैं उसमें कोई वैल्यु ला सकता हूं, तो ठीक है. लेकिन अगर मुझे ऐसा महसूस कराया जाता है कि मुझे वैल्यु एडिशन के लिए खुद को साबित करना है तो मैं उस स्पेस या मन:स्थिति में नहीं हूं.'
'हर गेंद को करियर के आखिरी गेंद की तरह खेलता हूं'
वो इसकी वजह बताते हुए कहते हैं, 'क्योंकि मैं अपनी तैयारी को लेकर ईमानदार हूं. मैं गेम के प्रति अपने रवैये को लेकर ईमानदार हूं. मैं सर नीचे करके बहुत ईमानदारी से कठिन परिश्रम करता हूं. जो कुछ मुझे क्रिकेट से हासिल हुआ है ईश्वर का उन सबके लिए शुक्रिया अदा करता हूं. मैं जितनी मेहनत कर सकता हूं करता हूं. मैं गेम को सही तरीके से खेलने से कोशिश करता हूं.'
विराट अपनी तैयारियों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहते हैं, 'आप मुझे 40 ओवर तक बाउंड्री से बाउंड्री तक दौड़ाना चाहते हैं तो मैं उसके लिए बिना किसी शिकायत के तैयार हूं. मैं हर गेंद को ऐसे खेलता हूं कि ये मेरे करियर की आखिरी गेंद है. क्योंकि मैं वैसे ही तैयारी करता हूं. मैं उसी को आधार बनाकर खेलता हूं, विकेट के बीच में वैसे ही दौड़ता हूं. मैं टीम के लिए जो भी बन पड़ेगा, वो करुंगा.'
विराट शर्त!
विराट कोहली टीम इंडिया के लिए आगे खेलने को लेकर बड़ी शर्त भी रखते हैं. वो अपनी तैयारी, मेहनत और सोच पर खुलकर बात करते हुए कहते हैं, 'इन सबके (पूरी मेहनत और ईमानदारी के) बावजूद भी अगर मुझे खुद को साबित करने की जरूरत पड़े तो वो जगह या स्पेस मेरे लिए नहीं है.'
विराट बार-बार कहते हैं कि वो क्रिकेट से बेइंतहा प्यार करते हैं, इसलिए खेलते हैं. इसलिए वो पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी भी खेले. वो खुद कहते हैं, 'मुझसे कई बार पूछा गया है कि क्या मैं 2027 का वर्ल्ड कप खेलना चाहता हूं? इस वक्त हम 2026 के मध्य में हैं और इस पर लगातार बात होने लगी है कि मैं 2027 का वर्ल्ड कप खेलूंगा या नहीं?'
‘खेलना चाहता हूं!'
2027 वर्ल्ड कप को लेकर उठ रहे विराट सवाल का खुद ही जवाब भी देते हैं कि वो क्यों सबको ऊहापोह में रखते हुए खुद को भी कन्फ़्यूज़न में रखेंगे. विराट कहते हैं, 'हां, बिल्कुल अगर मैं खेल रहा हूं तो मैं खेलना चाहता हूं. भारत के लिए क्रिकेट वर्ल्ड कप खेलना लाजवाब बात है.'
यह भी पढ़ें- KKR vs GT: केकेआर के पास खोने को कुछ नहीं, कहीं गुजरात के प्लेऑफ के गणित को न बना दे मुश्किल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं