Virat Kohli Record Most IPL runs in India; RCB vs GT IPL 2026: विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें क्यों क्रिकेट का 'किंग' कहा जाता है. गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेलते हुए कोहली ने इतिहास रच दिया. वह भारत की धरती पर 8,000 आईपीएल रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मैच से पहले उन्हें इस जादुई आंकड़े तक पहुँचने के लिए केवल 12 रनों की दरकार थी, जिसे उन्होंने अपनी पारी के दूसरे ही ओवर में कगिसो रबाडा की गेंदों पर चौकों की बारिश करते हुए आसानी से हासिल कर लिया. कोहली ने अपनी 28 रनों की छोटी लेकिन आक्रामक पारी के दौरान रबाडा के एक ही ओवर में पांच बाउंड्री जड़कर सनसनी मचा दी.
इस उपलब्धि की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद रोहित शर्मा (6,274 रन) कोहली से कोसों दूर हैं. जहाँ बाकी दिग्गज बल्लेबाज 5,000 और 6,000 रनों के आंकड़े के आसपास संघर्ष कर रहे हैं, वहीं कोहली 232 पारियों में 8,016 रनों के साथ एक अलग ही लीग में नजर आते हैं. शिखर धवन, डेविड वॉर्नर और सुरेश रैना जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए कोहली ने यह दिखा दिया है कि भारतीय मैदानों पर उनके बल्ले का दबदबा अटूट है.
भारत में सबसे ज्यादा IPL रन (पारियां)
विराट कोहली - 8,016 (232)*
रोहित शर्मा - 6,274 (237)
शिखर धवन - 5,819 (187)
डेविड वॉर्नर - 5,689 (164)
सुरेश रैना - 4,958 (181)
इससे पहले गुजरात टाइटंस (GT) ने गुरुवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले मे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 4 विकेट से मात दी. इस मुकाबले के बाद प्वाइंट्स टेबल में किसी भी टीम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है. जीटी 9 में से 5 मैच जीतकर पांचवें पायदान पर है, जबकि आरसीबी 9 में से 3 मैच गंवाकर दूसरे स्थान पर है.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी 19.2 ओवरों में 155 रन पर सिमट गई. इसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने 15.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं