विज्ञापन
This Article is From Nov 19, 2024

AUS vs IND: विराट कोहली की खराब फॉर्म से लेकर गौतम गंभीर की आक्रमकता, सीरीज से पहले भारतीय टीम मुसीबत में

IND vs AUS, भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट मैच पर्थ में 22 नवंबर से खेलने वाली है. सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 6 से 10 दिसंबर को बीच एडिलेड में होगा.

AUS vs IND: विराट कोहली की खराब फॉर्म से लेकर गौतम गंभीर की आक्रमकता, सीरीज से पहले भारतीय टीम मुसीबत में
IND vs AUS, 1st Test Match

AUS vs IND: भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस समय खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. खास तौर पर टेस्ट क्रिकेट में उनके बल्ले से काफी समय से कोई बड़ी पारी नहीं आई है. पर्थ टेस्ट में रोहित की गैरमौजूदगी में उन पर भारतीय बल्लेबाजी को मजबूत रखने की और अधिक जिम्मेदारी होगी. भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट मैच पर्थ में 22 नवंबर से खेलने वाली है. सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 6 से 10 दिसंबर को बीच एडिलेड में होगा. वहीं, सीरीज का तीसरा मैच 14 से 18 दिसंबर के बीच ब्रिस्बेन में खेला जाएगा. सीरीज का चौथा मैच 26 से 30 दिसंबर के बीच मेलबर्न में होगा तो वहीं, सिडनी   में 3 से 7 जनवरी के बीच सीरीज का पांचवां टेस्ट मैच खेला जाएगा. ऐसे में जानते हैं उन पहलुओं के बारे में  जिसका हल भारतीय टीम को खोजना होगा. 

कोहली औऱ रोहित का फॉर्म
रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्ले से खराब प्रदर्शन किया था. कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित ने तीन मैचों में सिर्फ 91 रन ही बना पाए थे और कोहली ने सिर्फ 93 रन . हालांकि कोच गौतम गंभीर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होने से पहले अपने बल्लेबाजों को "अविश्वसनीय रूप से मजबूत खिलाड़ी" बताया था और यह सीरीज फिर से खुद को साबित करने वाला बताया है. बता दें कि 36 साल कोहली के फॉर्म में गिरावट आई है.  सालों से दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक, कोहली पिछले पांच सालों में केवल दो टेस्ट शतक ही लगा पाए हैं. दूसरी ओर रोहित भी कोई खास नहीं कर पाए हैं  रोहित के लिए, महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने चेतावनी दी कि वह विशेष रूप से ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की "लेंथ और लाइन" के खिलाफ संघर्ष कर सकते हैं.  37  साल के रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण पहला टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं होंगे. 

ओपनिंग की समस्या
अब जब रोहित शर्मा पहला टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे तो फिर उनकी जगह यशस्वी जायसवाल के साथ कौन ओपनिंग करेगा. इसको लेकर समस्या बनी हुई है. भारतीय टीम मैनेजमेंट को इस समस्या का हल निकालना होगा. केएल राहुल के जायसवाल के साथ ओपनिंग करने की संभावना सबसे अधिक है, लेकिन वह भी अच्छे फॉर्म में नहीं हैं और उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम दो टेस्ट मैचों से बाहर रखा गया था. पूर्व कोच रवि शास्त्री ने सुझाव दिया है कि शुभमन गिल पारी की शुरुआत करने का विकल्प हो सकते हैं, लेकिन अंगूठे में फ्रैक्चर की खबर के बाद उनका पहला टेस्ट मैच में खेलना शक के दायरे में हैं.  ऐसे में 29 साल के अनकैप्ड अभिमन्यु ईश्वरन एक दावेदार के रूप में उभरे हैं.

जसप्रीत बुमराह पर ज्यादा दबाव 
जसप्रीत बुमराह को दूसरे छोर पर दूसरे तेज गेंदबाजों से वह समर्थन नहीं मिल पा रहा है जिसकी उम्मीद है. तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चोटिल हैं और उनके साथी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज विकेट लेने में संघर्ष कर रहे हैं. सिराज ने न्यूजीलैंड सीरीज में तीन पारियों में दो विकेट लिए और आकाश दीप भी ज्यादा असर नहीं दिखा पाए थे.  मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शमी घरेलू मैच में चोट से वापसी करने के बाद टेस्ट टीम में बाद में शामिल हो सकते हैं और बुमराह के साथ नई गेंद का संयोजन बना सकते हैं.

कौन होगा कप्तान
यदि रोहित शर्मा पहला टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं बनते हैं तो कप्तानी की जिम्मेदारी किसे मिलेगी. उम्मीद की जा रही है कि बुमराह पहले टेस्ट में भारत की कप्तानी कर सकते हैं. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर ब्रेंडन जूलियन ने कहा है कि "इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए, मुझे लगता है कि बुमराह पर काफी दबाव होगा."


बतौर कोच गौतम गंभीर एटीट्यूड
कीवी टीम के खिलाफ मिली सीरीज हार के बाद गंभीर की कोचिंग को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन ने यहां तक कह दिया है कि भारत के लिए गंभीर का आक्रमक एटीट्यूड सबसे बड़ा खतरा है. इसके अलावा पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद गंभीर द्वारा अपनी टीम का बचाव करने की आलोचना की और कहा कि "रोहित और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर मीडिया के सामने आने के लिए बेहतर व्यक्ति थे."

स्पिनर्स की भूमिका
उछाल भरी ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर केवल एक भारतीय स्पिनर को भारतीय इलेवन में मौका मिल सकती है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में भारतीय इलेवन में किसे मौका मिलसता है.  ऑफ़ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर, न्यूजीलैंड के खिलाफ़ दो मैचों में 16 विकेट लेने के बाद पहले टेस्ट में शामिल हो सकते हैं. 
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com