आईपीएल 2026 का खिताब भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपने नाम किया हो, लेकिन इस सीजन को वैभव सूर्यवंशी के दमदार प्रदर्शन के लिए याद रखा जाएगा. 15 साल की उम्र में वैभव ने आतिशी बल्लेबाजी से हर किसी को अपना मुरीद बना दिया. वैभव सूर्यवंशी को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर समेत कुल पांच अवॉर्ड मिले, वो भी सिर्फ 15 साल का उम्र में. इस खिलाड़ी ने 16 पारियों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए.
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही हर कोई वैभव सूर्यवंशी के इस सीजन के प्रदर्शन पर निगाहें लगाए बैठा हुआ था. हालांकि, वैभव ने अपनी तूफानी और सूझबूझ भरी बल्लेबाजी से यह साबित करके दिखाया कि पिछले साल का प्रदर्शन कोई तुक्का नहीं था, बल्कि इस स्टेज पर छा जाने की काबिलियत उनके अंदर मौजूद है. राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए वैभव ने आईपीएल 2026 में खेले 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए. वैभव ने इस सीजन एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए.
कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, और जसप्रीत बुमराह से लेकर तमाम दिग्गज तेज गेंदबाजों ने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ अलग-अलग प्लानों के साथ गेंदबाजी की, लेकिन किशोर बल्लेबाज ने ना सिर्फ हर किसी का डटकर सामना किया, बल्कि मुंहतोड़ जवाब भी दिया. बुमराह के खिलाफ पहली ही गेंद पर लगाया गया उनका छक्का शायद इस सीजन की उनकी सबसे अच्छी यादों में से एक रहेगा.
कौन-कौन का अवॉर्ड आया झोली में
वैभव ने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल खिलाड़ी, एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन का अवॉर्ड अपने नाम किया. वैभव ने आईपीएल 2026 में कुल 72 छक्के लगाए, जो एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं. वैभव आईपीएल में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने. वह पावरप्ले में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्होंने डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा.
पहली बार हुआ ऐसा
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के ऐसे पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक ही सीजन में MVP और इमर्जिंग प्लेयर दोनों अवॉर्ड जीता हो. 2011 में क्रिस गेल के बाद वे एक ही सीज़न में रन और स्ट्राइक रेट (कम से कम 20 गेंदें) दोनों चार्ट में टॉप पर रहने वाले पहले खिलाड़ी हैं. फाइनल के आखिर में अपने अवॉर्ड लेने के बाद सूर्यवंशी ने कहा,"अच्छा लग रहा है, लेकिन प्रेशर भी है क्योंकि मैं इंटरव्यू दे रहा हूं. यह गर्व का पल है और मैं अगले सीजन में भी अच्छा करने की कोशिश करूंगा." "मैं अपने गेम पर ध्यान देने की कोशिश करता हूं और अगर बॉल हिट करने के लिए है, तो मैं पूरी जान लगा देता हूं और बस उसी तरह खेलने की कोशिश करता हूं."
किस अवॉर्ड से हुई कितनी कमाई
वैभव सूर्यवंशी को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर के लिए 15 लाख मिले, जबकि सुपर स्ट्राइकर ऑफ़ द सीज़न के लिए 10 लाख रुपये और टाटा सिएरा गाड़ी मिली. टाटा सिएरा टाटा सिएरा की कीमत 11.49 लाख रुपये से शुरू होती है और टॉप मॉडल की कीमत 21.29 लाख रुपये है.
- मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP): 15 लाख रुपये
- ऑरेंज कैप (टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा स्कोर करने वाला): 10 लाख रुपये
- सुपर स्ट्राइकर ऑफ़ द सीज़न: 10 लाख रुपये (साथ में टाटा सिएरा)
- सुपर सिक्स ऑफ़ द सीज़न: 10 लाख रुपये (72 छक्के मारने के लिए)
- इमर्जिंग प्लेयर ऑफ़ द सीज़न: 10 लाख रुपये
यह भी पढ़ें: FIFA को भारत में मिला ब्रॉडकास्टर, फैंस इस चैनल पर देख पाएंगे वर्ल्ड कप मैच का लाइव टेलिकास्ट
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी कब करेंगे टीम इंडिया के लिए डेब्यू? IPL फाइनल के बाद BCCI ने दिए संकेत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं