Vaibhav Suryavanshi vs Bhuvneshwar Kumar; RR vs RCB IPL 2026: आईपीएल 2026 में रनों का तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है और इस तूफान के केंद्र में हैं 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी. मुंबई इंडियंस के खिलाफ जसप्रीत बुमराह की बखिया उधेड़ने के बाद, अब वैभव के सामने एक नई और कठिन चुनौती है 'स्विंग के सुल्तान' भुवनेश्वर कुमार. राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच होने वाले इस मुकाबले में सबकी नजरें इसी 'बैटल' पर टिकी हैं.
बुमराह के बाद क्या भुवी की बारी?
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले मैच में जो किया, उसने क्रिकेट जगत को हिलाकर रख दिया है. दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खिलाफ पहली ही गेंद पर छक्का और फिर 3 गेंदों के भीतर 2 गगनचुंबी छक्के जड़कर उन्होंने अपनी निडरता का परिचय दिया. उन्होंने महज 14 गेंदों में 39 रन कूटकर मुंबई के हाथों से मैच छीन लिया था, लेकिन भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ आंकड़े थोड़े अलग हैं. अब तक वैभव ने भुवी की 10 गेंदों का सामना किया है और 15 रन बनाए हैं, लेकिन अनुभवी भुवी उन्हें एक बार अपना शिकार भी बना चुके हैं.
आंकड़ों में वैभव सूर्यवंशी का खौफ
वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक IPL 2026 के 3 मैच में कुल 122 रन बनाये हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 240 और एवरेज 40 का रहा है. इस दौरान वैभव के बल्ले से अब तक 3 मैचों में 10 चौके और 11 छक्के आ चुके हैं.
गुवाहाटी की 'लाल मिट्टी' और स्विंग का चैलेंज
यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में है, जहां की लाल मिट्टी वाली पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है. आउटफील्ड तेज है और उछाल भी अच्छा मिलता है. हालांकि, यहां एक 'ट्विस्ट' है. आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है, जिसका मतलब है कि शुरुआती ओवरों में गेंद काफी स्विंग होगी. ऐसे में भुवनेश्वर कुमार की इन-स्विंग और आउट-स्विंग वैभव सूर्यवंशी के लिए कड़ी परीक्षा साबित हो सकती है. जहां बुमराह के खिलाफ वैभव ने अपनी ताकत दिखाई थी, वहीं भुवी की चतुराई के खिलाफ उन्हें संभलकर खेलना होगा.
टॉस और ओस की बड़ी भूमिका
बरसापारा में ओस (Dew) एक बड़ा फैक्टर रहने वाला है. ऐसे में टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगा ताकि दूसरी पारी में ओस का फायदा उठाया जा सके. राजस्थान रॉयल्स उम्मीद करेगी कि वैभव और यशस्वी की जोड़ी (जिन्होंने पिछले मैच में 5 ओवर में 80 रन जोड़े थे) एक बार फिर धमाकेदार शुरुआत दिलाए. बड़ा सवाल यह है की क्या 15 साल का 'वंडर किड' वैभव स्विंग किंग भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ भी वही आक्रामकता दिखा पाऐंगे या अनुभवी भुवी अपनी स्विंग के जाल में इस युवा बल्लेबाज को फंसा लेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं